सभापति प्रकाश सिन्हा ने सड़क मरम्मत एवं जिम्मेदारों पर कार्रवाई की उठाई मांग
बसना। प्रकाश सिन्हा ने ग्राम अंकोरी से अंकोरी टांडा एवं बिरसिंगपाली को जोड़ने वाले मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना अंतर्गत निर्मित मार्ग की जर्जर स्थिति को लेकर जिला प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है। उन्होंने बसना विधायक डॉ. सम्पत अग्रवाल तथा जिला कलेक्टर महासमुंद को ज्ञापन सौंपकर सड़क एवं क्षतिग्रस्त पुलिया के शीघ्र मरम्मत और पुनर्निर्माण की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, हाल ही में जनपद क्षेत्र में आयोजित कीर्तन कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे सभापति प्रकाश सिन्हा ने मार्ग पर स्थित टूटी पुलिया का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से चर्चा कर समस्याओं की जानकारी ली। निरीक्षण के समय ग्राम सरपंच मिश्रा दीप, मुरली नायक एवं महेंद्र प्रधान सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।
ग्रामीणों ने बताया कि अंकोरी टांडा और बिरसिंगपाली के बीच बनी पुलिया पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है, जिससे लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासकर रात के समय दुर्घटना का खतरा लगातार बना रहता है। कई छोटे हादसे भी हो चुके हैं। फिलहाल ग्रामीण पुलिया के पास पत्थर रखकर जोखिम उठाते हुए आवागमन करने को मजबूर हैं।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि सड़क पूरी तरह उखड़ चुकी है, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों को काफी दिक्कतें हो रही हैं। यह मार्ग बसना–पदमपुर मुख्य सड़क से ग्राम अंकोरी के पास लगभग 4 किलोमीटर भीतर स्थित महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है, जहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीणों का आवागमन होता है। समय रहते मरम्मत नहीं होने पर दोनों गांवों का संपर्क बाधित होने की आशंका जताई जा रही है।
सभापति प्रकाश सिन्हा ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कर संबंधित अधिकारी एवं निर्माण एजेंसी पर कार्रवाई की मांग भी की है। उन्होंने बताया कि मार्ग पर लगा सूचना बोर्ड भी क्षतिग्रस्त हो चुका है, जिससे निर्माण संबंधी जानकारी उपलब्ध नहीं हो पा रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जिला प्रशासन एवं जनप्रतिनिधि जनहित को देखते हुए जल्द आवश्यक कदम उठाएंगे, ताकि क्षेत्रवासियों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।