अजीम प्रेमजी फाउंडेशन छात्रवृत्ति के लिए आवेदन 31 अगस्त तक, पात्र छात्राओं को मिलेंगे ₹30 हजार प्रतिवर्ष

TEJASWI NATH SONI

August 8, 2026

बलौदाबाजार, 8 अगस्त 2026। बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राज्य शासन द्वारा अजीम प्रेमजी स्कॉलरशिप योजना शुरू की गई है। योजना के तहत पात्र छात्राएं 10 अगस्त से 31 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगी।

योजना के तहत जरूरतमंद छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए प्रतिवर्ष ₹30 हजार की वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी। यह सहायता छात्राओं को उनकी पहली स्नातक डिग्री या डिप्लोमा पूरा होने तक मिलेगी, जिसकी अधिकतम अवधि पांच वर्ष निर्धारित है।

योजना के लिए ऐसी छात्राएं पात्र होंगी, जिन्होंने किसी सरकारी स्कूल से कक्षा 10वीं एवं 12वीं नियमित छात्रा के रूप में उत्तीर्ण की हो और शैक्षणिक सत्र 2026-27 में भारत के किसी भी राज्य या केंद्र शासित प्रदेश के मान्यता प्राप्त सरकारी अथवा विश्वसनीय निजी कॉलेज या विश्वविद्यालय में दो से पांच वर्ष की अवधि वाले स्नातक डिग्री या डिप्लोमा पाठ्यक्रम के प्रथम वर्ष में प्रवेश लिया हो।

अजीम प्रेमजी विश्वविद्यालय के किसी कोर्स या कार्यक्रम में शैक्षणिक सत्र 2026-27 या उससे पहले प्रवेश लेने वाली छात्राएं तथा विप्रो की किसी फेलोशिप का लाभ प्राप्त कर रही छात्राएं इस छात्रवृत्ति के लिए पात्र नहीं होंगी।

आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज

आवेदन के दौरान छात्राओं को पासपोर्ट आकार की निर्धारित रंगीन फोटो, सफेद कागज पर हस्ताक्षर की स्कैन कॉपी, आधार कार्ड, बैंक खाते के पहले पृष्ठ की स्कैन कॉपी, कक्षा 10वीं एवं 12वीं की अंकसूची तथा कॉलेज या विश्वविद्यालय में प्रवेश का प्रमाण अपलोड करना होगा।

आधार कार्ड की स्पष्ट रंगीन स्कैन कॉपी अपलोड करना अनिवार्य है, जिसमें नाम, फोटो और जेंडर स्पष्ट रूप से दिखाई दे। सेल्फी, एडिटेड अथवा फिल्टर वाली फोटो, स्क्रीनशॉट, ब्लैक एंड व्हाइट कॉपी या अस्पष्ट दस्तावेज अपलोड नहीं करने की सलाह दी गई है।

पात्र छात्राएं अजीम प्रेमजी फाउंडेशन की वेबसाइट के माध्यम से निःशुल्क आवेदन कर सकती हैं। अधिक जानकारी के लिए बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के छात्र 8984775705 एवं 8871206100 नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment