कलेक्टर-एसपी ने जिला जेल का किया आकस्मिक निरीक्षण, बंदियों के लिए कौशल प्रशिक्षण शुरू कराने के निर्देश

TEJASWI NATH SONI

July 24, 2026

बलौदाबाजार, 24 जुलाई 2026। कलेक्टर कुलदीप शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक गौरव राय ने शुक्रवार को जिला जेल बलौदाबाजार का संयुक्त रूप से आकस्मिक निरीक्षण कर जेल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बंदियों के पुनर्वास और आत्मनिर्भरता को ध्यान में रखते हुए जेल में कौशल विकास प्रशिक्षण शीघ्र प्रारंभ कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कहा कि जिला जेल स्वयं एक व्यावसायिक प्रशिक्षण प्रदाता (VTP) के रूप में पंजीकृत है, इसलिए यहां जल्द ही विभिन्न कौशल प्रशिक्षण शुरू किए जा सकते हैं। उन्होंने विशेष रूप से कारपेंटरी एवं बांस शिल्प (बम्बू आर्ट) का प्रशिक्षण शुरू करने पर जोर देते हुए कहा कि इससे बंदी उपयोगी कलाकृतियां तैयार कर रोजगार से भी जुड़ सकेंगे।

कलेक्टर एवं एसपी ने विभिन्न बैरकों का निरीक्षण कर बंदियों से बातचीत की और उनकी स्वास्थ्य सुविधाओं, उपचार तथा परिजनों से मुलाकात की व्यवस्था की जानकारी ली। कलेक्टर ने बंदियों के लिए अच्छी पुस्तकों से युक्त लाइब्रेरी, आवश्यकता अनुसार पंखे एवं टीवी की व्यवस्था के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी दिए।

निरीक्षण के दौरान पाकशाला का भी अवलोकन किया गया। अधिकारियों ने भोजन की गुणवत्ता एवं निर्धारित मेन्यू के अनुसार भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही चावल पकाने की प्रक्रिया की भी जानकारी ली।

कलेक्टर ने बंदियों से मिलने आए परिजनों से भी बातचीत कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। परिजनों ने मुलाकात व्यवस्था पर संतोष व्यक्त करते हुए बताया कि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी नहीं होती और निर्धारित समय पर फोन से भी बातचीत हो जाती है।

जेल अधीक्षक ने बताया कि वर्तमान में 17 बैरकों में से 12 बैरकों में 390 बंदी निरुद्ध हैं, जबकि जेल की क्षमता लगभग 410 बंदियों की है। बंदियों से मुलाकात का समय प्रतिदिन सुबह 8:30 बजे से दोपहर 2 बजे तक निर्धारित है। प्रतिदिन लगभग 30 से 50 लोग मुलाकात के लिए आते हैं। सुविधा बढ़ाने के लिए एक अतिरिक्त परिसर में पांच नए मुलाकात काउंटर बनाए जा रहे हैं। जेल परिसर के भीतर और बाहर सुरक्षा के लिए लगभग 80 सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है।

निरीक्षण के दौरान डिप्टी कलेक्टर रजनी छड़ीमली, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश कुमार अवस्थी, कार्यपालन अभियंता अनुज शर्मा, सहायक जिला जेल अधीक्षक अभिषेक मिश्रा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment