नगर पंचायत पलारी से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। वार्ड क्रमांक 12 की पार्षद के पति भोला वर्मा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे नगर में शोक और सनसनी का माहौल बन गया। मृतक भोला वर्मा की पत्नी नगर पंचायत पलारी के वार्ड क्रमांक 12 से पार्षद हैं। जनप्रतिनिधि के परिवार में हुई इस घटना से स्थानीय लोग स्तब्ध हैं और क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, भोला वर्मा ने किन कारणों से यह कदम उठाया, इसका खुलासा अभी नहीं हो पाया है। घटना की सूचना मिलते ही पलारी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस द्वारा परिजनों और परिचितों से पूछताछ की जा रही है, ताकि आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट हो सके। वहीं, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट आने के बाद की जाएगी।