सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ फोटो डालकर फैला रहे थे दहशत, भाटापारा व सिटी कोतवाली क्षेत्र में लोगों को चाकू दिखाकर डराने की करतूतें उजागर
बलौदाबाजार/भाटापारा, 25 नवम्बर 2025।
जिले में धारदार हथियारों के अवैध रख-रखाव एवं इनके जरिये दहशत फैलाने वालों पर पुलिस ने कड़ा रुख अपनाते हुए विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान भाटापारा शहर और सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में चाकू, छुरी तथा अन्य हथियारों के साथ घूमने वाले कुल 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें 10 विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल हैं।
पुलिस को शिकायत मिल रही थी कि कुछ युवक एवं नाबालिग समूह में घूमकर धारदार चाकू दिखाते हैं, राहगीरों को धमकाते हैं और भय का माहौल बना रहे हैं। इतना ही नहीं, आरोपी इंस्टाग्राम पर चाकू और हथियारों के साथ फोटो व वीडियो अपलोड कर अपनी दबंगई का प्रदर्शन करते थे।
पुलिस की तीव्र कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशन पर गठित विशेष टीम ने इन तत्वों की पहचान कर लगातार रात-दिन दबिश दी और इन्हें हिरासत में लिया। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी
1. शुभम मानिकपुरी, उम्र 18 वर्ष, निवासी बलभद्र वार्ड, भाटापारा
2. गणेश झंजोठे, उम्र 18 वर्ष, निवासी स्वीपर कॉलोनी, भाटापारा
3. विधि से संघर्षरत बालक – 10 नफर
पुलिस ने बताया कि इस प्रकार के हथियारबाज युवकों पर आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करना भी दंडनीय है और इसके परिणाम सभी आरोपियों को भुगतने पड़ेंगे।
पुलिस की अपील
जिला पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी भी व्यक्ति द्वारा हथियारों का अवैध उपयोग, दहशत फैलाना या सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन दिखाई दे, तो तुरंत थाना या “समाधान सेल” में सूचना दें।