तेंदूपत्ता फड़ में ‘एक्स्ट्रा पुड़ा’ वसूली का आरोप, ग्रामीणों में नाराजगी

SARJU PRASAD SAHU

May 16, 2026

कोरबा जिले के पाली विकासखंड के उतरदा तेंदूपत्ता फड़ में संग्राहकों से 15–20 अतिरिक्त पुड़ा वसूली का आरोप लगा है। उपसरपंच राकेश जायसवाल ने सुशासन तिहार में शिकायत कर जांच और कार्रवाई की मांग की है।

कोरबा। जिले के पाली विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत उतरदा स्थित तेंदूपत्ता फड़ में संग्राहकों से कथित रूप से “एक्स्ट्रा पुड़ा” वसूली किए जाने का मामला अब तूल पकड़ने लगा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि तेंदूपत्ता जमा करने आने वाले संग्राहकों से 15 से 20 पुड़ा तक अतिरिक्त सरा के नाम पर लिया जा रहा है, जिससे गरीब और मेहनतकश संग्राहकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार, अरुण राठौर द्वारा स्वयं को तेंदूपत्ता फड़ समिति का अध्यक्ष बताते हुए फड़ संचालन किया जा रहा है और उनके संरक्षण में अतिरिक्त पुड़ा लेने की प्रक्रिया जारी है। मामले की जानकारी मिलने पर युवा उपसरपंच राकेश जायसवाल ने ग्रामीणों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए इसका विरोध दर्ज कराया। साथ ही पूरे मामले की शिकायत सुशासन तिहार शिविर में भी की गई।

हालांकि ग्रामीणों का कहना है कि शिकायत के बाद भी अब तक किसी प्रकार की ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। आरोप है कि फड़ में अतिरिक्त पुड़ा लेने का सिलसिला लगातार जारी है, जिससे संग्राहकों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

ग्रामीणों ने सवाल उठाया है कि जब शासन द्वारा सुशासन तिहार जनता की समस्याओं के समाधान के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है, तब शिकायत के बावजूद कार्रवाई क्यों नहीं हो रही। लोगों ने फड़ प्रभारी, समिति प्रबंधन और संबंधित विभागीय अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि तेंदूपत्ता संग्राहकों का शोषण बंद हो सके।

ग्रामीणों की प्रमुख मांगें

➡️ अतिरिक्त पुड़ा वसूली की तत्काल जांच

➡️ दोषियों पर सख्त कार्रवाई

➡️ संग्राहकों को पारदर्शी भुगतान व्यवस्था

➡️ फड़ संचालन में निगरानी बढ़ाने की मांग

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment