सुशासन शिविर में सामने आई संवेदनशील तस्वीर, कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने बुजुर्ग ग्रामीण के लिये स्वयं लिखा आवेदन

TEJASWI NATH SONI

May 16, 2026

2 घंटे में ही हो गया जगदीश की समस्या का समाधान

बलौदाबाजार, 16 मई 2026। विकासखंड पलारी के ग्राम पंचायत कुसमी में शनिवार को सुशासन तिहार अंतर्गत आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में एक संवेदनशील दृश्य देखने को मिला, जब कलेक्टर कुलदीप शर्मा एक बुजुर्ग ग्रामीण के पास बैठकर उनकी समस्या सुनी और स्वयं उनके लिये आवेदन लिखा। कलेक्टर ने आवेदन पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश एसडीएम को दिए, जिसके बाद महज 2 घंटे के भीतर समस्या का समाधान कर दिया गया।

ग्राम गातापार निवासी लगभग 70 वर्षीय बुजुर्ग जगदीश प्रसाद वर्मा अपनी समस्या लेकर सुशासन शिविर पहुंचे थे। वे आवेदन फॉर्म लेकर अपनी समस्या लिखने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान स्टॉल निरीक्षण के समय कलेक्टर कुलदीप शर्मा की नजर उन पर पड़ी। कलेक्टर तुरंत उनके पास पहुंचे और आत्मीयता से उनकी समस्या सुनी।

जगदीश प्रसाद वर्मा ने बताया कि एक व्यक्ति द्वारा शासकीय भूमि पर अतिक्रमण कर रास्ता बंद कर दिया गया है, जिसके कारण निस्तारी में परेशानी हो रही है। उन्होंने बताया कि आवेदन लिखने में भी उन्हें कठिनाई हो रही थी। इस पर कलेक्टर श्री शर्मा स्वयं बुजुर्ग के पास बैठ गए और उनकी समस्या सुनकर अपने हाथों से आवेदन लिखा तथा भरोसा दिलाया कि उनकी समस्या का त्वरित समाधान किया जाएगा।

कलेक्टर के निर्देश पर राजस्व अमला तत्काल ग्राम गातापार पहुंचा और जगदीश प्रसाद वर्मा तथा अनावेदक भुलाऊ निषाद के बीच समझौता कराकर आपसी सहमति से निस्तारी हेतु 10 फीट रास्ता उपलब्ध कराया गया।

जिला प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से संतुष्ट जगदीश प्रसाद वर्मा ने कहा कि भुलाऊ निषाद द्वारा शासकीय जमीन पर दीवार खड़ी कर रास्ता बंद कर दिया गया था, जिससे आने-जाने और निस्तारी में काफी परेशानी हो रही थी। प्रशासन द्वारा त्वरित समाधान किए जाने पर उन्होंने संतोष व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन का आभार माना।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment