दुकान का ताला तोड़कर चोरी करने वाला कलयुगी बेटा गिरफ्तार: पूछताछ में मां के जेवर चुराने का भी खुलासा, 3.88 लाख का मशरूका बरामद, 3 आरोपी सलाखों के पीछे
तुमगांव / महासमुंद: तुमगांव पुलिस ने घर की दुकान से नकदी चोरी के मामले की त्वरित तफ्तीश करते हुए न केवल वर्तमान घटना का पर्दाफाश किया, बल्कि आरोपी द्वारा पूर्व में चुराए गए लाखों रुपये के सोने के जेवरात भी बरामद करने में सफलता प्राप्त की है। मामले में मुख्य आरोपी बेटे सहित चोरी के जेवर गिरवी रखवाने वाले दो साथियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी मानिक लाल साहू निवासी ग्राम खैरझिटी ने तुमगांव थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 14 सितंबर 2026 को वह अपने घर में संचालित दुकान में ताला लगाकर खेत गए थे। दोपहर करीब 1 बजे वापस लौटे तो दुकान का ताला टूटा मिला और गल्ले में रखे कुल ₹5,000 नदारद थे। घर के दूसरे कमरे में मौजूद उसके बेटे शिवम साहू से जब पूछताछ की गई, तो उसने ही ताला तोड़कर रकम चुराने की बात स्वीकार की। प्रार्थी की रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 209/26, धारा 305 (ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
विवेचना के दौरान 17 सितंबर 2026 को संदेही शिवम साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। उसने गल्ले से ₹5,000 चोरी करने के अलावा यह सनसनीखेज खुलासा किया कि उसने वर्ष 2023-2024 के दौरान अपनी मां के सोने के जेवर भी चुराए थे। चोरी किए गए गहनों को उसने गांव के ही मोहन साहू और टीकेलाल जलक्षत्री के जरिए महासमुंद स्थित मणप्पुरम गोल्ड लोन (बस स्टैंड शाखा) में गिरवी रखवाकर रकम हासिल की थी।
आरोपी शिवम साहू की निशानदेही पर उसके कब्जे से ₹500 नगद और ताला तोड़ने में प्रयुक्त लोहे का सरिया बरामद किया गया। वहीं मणप्पुरम गोल्ड लोन शाखा महासमुंद से गिरवी रखे 02 नग सोने के झुमके (कीमती ₹2,38,000) तथा 01 नग सोने का नेकलेस (कीमती ₹1,50,000) शाखा प्रबंधक के समक्ष पेश किए जाने पर विधिवत जब्त किए गए। पुलिस ने कुल ₹3,88,500 मूल्य का मशरूका बरामद किया है।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण:
- शिवम साहू पिता मानिक साहू (उम्र 25 वर्ष)
- टिकेलाल जलक्षत्री पिता स्व. नंद कुमार जलक्षत्री (उम्र 38 वर्ष)
- मोहन साहू पिता लालाराम साहू (उम्र 32 वर्ष) (तीनों निवासी: ग्राम खैरझिटी, थाना तुमगांव, जिला महासमुंद)
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई उपरांत न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।