बलौदा बाजार। सेवा सेतु केंद्र के माध्यम से नागरिकों को शासकीय सेवाएं अब अधिक सरल, सुगम और पारदर्शी तरीके से उपलब्ध हो रही हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर संचालित इस व्यवस्था से लोगों को घर के नजदीक ही विभिन्न सरकारी सेवाओं का लाभ समय पर मिल रहा है। इसी क्रम में विकासखंड के विश्रामपुर निवासी वंदना केसवर को सेवा सेतु केंद्र, तहसील कार्यालय सिमगा के माध्यम से उनके बच्चे का निवास प्रमाण पत्र त्वरित रूप से प्राप्त हुआ। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया और निर्धारित समय-सीमा में प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा किए गए निराकरण के कारण उन्हें अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़े।वंदना केसवर ने बताया कि सेवा सेतु केंद्र की मदद से उन्हें कम समय में आसानी से निवास प्रमाण पत्र मिल गया। इससे न केवल समय की बचत हुई, बल्कि यात्रा व्यय भी कम हुआ। उन्होंने इस पहल के लिए शासन और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। सेवा सेतु के माध्यम से आवेदन प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और प्रभावी बनाया गया है, जिससे नागरिकों का प्रशासन पर विश्वास मजबूत हो रहा है। वर्तमान में इस व्यवस्था के जरिए 442 शासकीय सेवाएं नागरिकों तक पहुंचाई जा रही हैं। कलेक्टर कुलदीप शर्मा के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन नागरिक सुविधा और सुशासन को सुदृढ़ करने के लिए सेवा सेतु के माध्यम से लगातार प्रयास कर रहा है।
Most recent
More