झोराघाट पिकनिक से लौट रहे युवकों का ऑटो पलटा, 2 की मौत, कई घायल

SARJU PRASAD SAHU

May 19, 2026

कोरबा के बालको थाना क्षेत्र में झोराघाट पिकनिक से लौट रहे युवकों से भरा ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में 2 युवकों की मौत हो गई जबकि कई घायल हैं।

कोरबा। झोराघाट पिकनिक की खुशियां रविवार देर शाम उस वक्त मातम में बदल गईं, जब युवकों से भरा एक ऑटो बालको थाना क्षेत्र के अजगरबहार के पास अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।

जानकारी के मुताबिक करीब 10 युवक झोराघाट से पिकनिक मनाकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ऑटो अचानक संतुलन खो बैठा और सड़क किनारे पलट गया। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर चीख-पुकार मच गई। आवाज सुन आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

दुर्घटना में खरमोरा निवासी सोनू यादव और सत्यम यादव की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं घायल युवकों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है।

यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और वाहन क्षमता से अधिक सवारी ढोने के खतरों को उजागर करता है। प्रशासन ने लोगों से सावधानीपूर्वक वाहन चलाने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment