सक्ती। सक्ती जिले की नवपदस्थ कलेक्टर जयश्री जैन ने सोमवार को जिला कार्यालय कलेक्ट्रेट जेठा पहुंचकर विधिवत रूप से पदभार ग्रहण किया। जयश्री जैन सक्ती जिले की तीसरी कलेक्टर के रूप में अपनी सेवाएं देंगी। पदभार ग्रहण करते ही उन्होंने जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं को स्पष्ट करते हुए आमजन से जुड़े कार्यों में तेजी, पारदर्शिता और समयबद्धता पर विशेष जोर दिया।
पदभार ग्रहण के बाद कलेक्टर जयश्री जैन ने कलेक्ट्रेट कार्यालय में पदस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों से सौजन्य भेंट कर उनका परिचय प्राप्त किया। उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों से कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आम लोगों से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के निर्देश भी दिए।
इस दौरान अपर कलेक्टर बालेश्वर राम, अपर कलेक्टर केएस पैकरा सहित कलेक्टर कार्यालय एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे और नवपदस्थ कलेक्टर का आत्मीय स्वागत किया।
पहले दिन कलेक्ट्रेट की विभिन्न शाखाओं का किया निरीक्षण
पदभार ग्रहण करने के बाद कलेक्टर जयश्री जैन ने कलेक्ट्रेट परिसर में संचालित विभिन्न विभागीय कार्यालयों और शाखाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने शाखा प्रभारियों और कर्मचारियों से संबंधित कार्यों की जानकारी ली तथा कार्यालयीन व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को समय पर कार्यालय में उपस्थित होने के निर्देश दिए। साथ ही प्रशासनिक कार्यों में दक्षता, पारदर्शिता और समयबद्धता बनाए रखने पर जोर दिया।
कलेक्टर ने कहा कि शासन द्वारा निर्धारित विभागीय लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति और तय समय-सीमा में कार्यों का निष्पादन जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में रहेगा। उन्होंने अधिकारियों को लंबित मामलों का समय पर निराकरण करने तथा कार्यालयीन कार्यों में अनावश्यक देरी से बचने के निर्देश दिए।
आमजन की समस्याओं का त्वरित निराकरण प्राथमिकता
जयश्री जैन ने कहा कि जिला प्रशासन की सबसे बड़ी जिम्मेदारी आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निराकरण कर उन्हें समय पर राहत उपलब्ध कराना है। इसके लिए अधिकारियों और कर्मचारियों को आपसी समन्वय के साथ टीम भावना से काम करना होगा।
उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और विभिन्न विभागीय कार्यक्रमों का लाभ अधिक से अधिक पात्र लोगों तक पहुंचे, यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से अपने-अपने विभागों की योजनाओं की प्रभावी मॉनिटरिंग करने और मैदानी स्तर पर योजनाओं के क्रियान्वयन पर ध्यान देने की बात कही।
वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग में संयुक्त सचिव रह चुकी हैं जयश्री जैन
उल्लेखनीय है कि जयश्री जैन इससे पहले संयुक्त सचिव, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के पद पर पदस्थ थीं। अब सक्ती जिले की कलेक्टर के रूप में उनकी नई जिम्मेदारी के साथ जिला प्रशासन में नई कार्यशैली और प्राथमिकताओं की उम्मीद की जा रही है।
पदभार ग्रहण के पहले ही दिन विभिन्न शाखाओं के निरीक्षण और अधिकारियों-कर्मचारियों को समयबद्ध कार्यप्रणाली के निर्देश से यह स्पष्ट संकेत मिला है कि जिला प्रशासन में समयपालन, पारदर्शिता और जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण पर विशेष फोकस रहेगा।