तापमान 45°C तक पहुंचने के आसार, मौसम विभाग का येलो अलर्ट जारी
कोरबा। जिले सहित पूरे छत्तीसगढ़ में इन दिनों भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार अगले 5 दिनों तक तापमान में और वृद्धि होने की संभावना है। कोरबा में अधिकतम तापमान 41 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, वहीं 25 और 26 अप्रैल को गर्मी अपने चरम पर पहुंच सकती है।
मध्य छत्तीसगढ़ क्षेत्र के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है, जिससे दोपहर के समय लू चलने की आशंका जताई गई है। हालांकि 25-26 अप्रैल को कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी और बादल छाने से मामूली राहत मिल सकती है। प्रशासन ने नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है। दोपहर 12 से 4 बजे तक घर से बाहर न निकलें, पर्याप्त पानी पिएं और हल्के सूती कपड़े पहनें। बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश भी दिए गए हैं। जनता से अपील है कि गर्मी को गंभीरता से लेते हुए सावधानी बरतें और सुरक्षित रहें।