छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना का आह्वान: 16 अगस्त को रायपुर में निकलेगी प्रदेश की सबसे बड़ी ‘जबर हरेली रैली’
रायपुर
छत्तीसगढ़ के लोक पर्व हरेली के अवसर पर इस वर्ष राजधानी रायपुर में विशाल ‘जबर हरेली रैली’ का आयोजन होने जा रहा है। प्रदेश के सबसे बड़े गैर-राजनीतिक संगठन छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना (CKS) के आह्वान पर आयोजित यह रैली राज्य का सबसे बड़ा सांस्कृतिक समागम बनेगी।
यह ऐतिहासिक सांस्कृतिक रैली 16 अगस्त 2026 को राजधानी के आमानाका से शुरू होकर तेलीबांधा तालाब तक निकाली जाएगी।
हरेली रैली के दौरान पूरे रायपुर में छत्तीसगढ़ी संस्कृति की अनूठी छटा देखने को मिलेगी:
- पारंपरिक लोक नृत्य: मांदर की थाप पर गूंजता रेलापाटा, सुवा, कर्मा और राउत नाचा का अद्भुत उत्साह।
- पारंपरिक सवारी: सजी-धजी बैलगाड़ियों की लंबी कतारें रैली का मुख्य आकर्षण होंगी।
- पारंपरिक खान-पान: बारिश के इस सुहाने मौसम में पारंपरिक औषधीय कुशी कांदा और जड़ी-पानी के पेय का आनंद।
आयोजन की भव्यता को देखते हुए जिला एवं प्रदेश पदाधिकारियों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। परंपरा के अनुसार, मातृशक्ति दादी ठाकुर माई को पहला नेवता (निमंत्रण) भेजकर कार्यक्रम की शुभ शुरुआत की गई है।
छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के प्रदेश संरक्षक दादा ठाकुर राम गुलाम सिंह ने एक वीडियो संदेश जारी कर प्रदेशवासियों से इस आयोजन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है।
”हरेली छत्तीसगढ़ का पहला त्योहार है, जो हमें खेती-किसानी और प्रकृति संरक्षण का संदेश देता है। आइए, 16 अगस्त को रायपुर पहुंचकर अपनी परंपराओं को पुनस्थापित करें, कृषि यंत्रों व गोधन के महत्व को समझें और अपने ग्राम देवताओं के मान-सम्मान के लिए एकजुट हों।”
आयोजन संक्षेप:
- आयोजक: छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना (CKS)
- तिथि: 16 अगस्त 2026
- मार्ग: आमानाका से तेलीबांधा तालाब, रायपुर
- मुख्य उद्देश्य: संस्कृति, प्रकृति संरक्षण, गोधन सेवा और कृषि परंपराओं का संवर्धन।