अस्पताल में भर्ती मरीज से एएसआई द्वारा मारपीट का आरोप, पलारी थाने के बाहर नारेबाजी; बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने थाना व एसपी कार्यालय में सौंपा ज्ञापन

TOSHAN PRASAD CHOUBEY

July 21, 2026

पलारी । सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पलारी में उपचाररत मरीज के साथ थाना पलारी में पदस्थ सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) प्रभात साहू द्वारा कथित मारपीट और जातिसूचक गाली-गलौज किए जाने के आरोप को लेकर मंगलवार को विरोध तेज हो गया। आरंग क्षेत्र से बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और समाज के लोग पलारी पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने पलारी थाने के बाहर नारेबाजी कर दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की। इसके बाद थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा गया और फिर पुलिस अधीक्षक कार्यालय, बलौदाबाजार पहुंचकर भी शिकायत सौंपी गई।

शिकायतकर्ता संतराम बर्मन, निवासी ग्राम धौवभट्ठी (जिला रायपुर) ने ज्ञापन में बताया कि 19 जुलाई की रात बिच्छू काटने के बाद उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पलारी में भर्ती कराया गया था। आरोप है कि 20 जुलाई की देर रात करीब 12:20 बजे, जब वे वार्ड क्रमांक-1 में उपचाराधीन थे, उसी समय एएसआई प्रभात साहू और डॉ. उमरताज़ कुरैशी दोनों वार्ड में पहुंचे। शिकायत के अनुसार मारपीट एएसआई प्रभात साहू ने की, जबकि डॉ. उमरताज़ कुरैशी भी मौके पर मौजूद थे। शिकायत में जातिसूचक गाली-गलौज का भी आरोप लगाया गया है।

शिकायतकर्ता का दावा है कि घटना का वार्ड में भर्ती अन्य मरीजों ने विरोध किया तथा पूरी घटना अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। उन्होंने सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित कर निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। संतराम बर्मन ने कहा कि घटना के समय वे गंभीर हालत में उपचाराधीन थे और इस घटना से उन्हें मानसिक एवं सामाजिक रूप से गहरा आघात पहुंचा है। विरोध प्रदर्शन के दौरान उपस्थित लोगों ने कहा कि अस्पताल में भर्ती मरीज के साथ यदि इस प्रकार की घटना हुई है तो यह बेहद गंभीर मामला है। उन्होंने एएसआई प्रभात साहू एवं मामले में चिकित्सक के खिलाफ एट्रोसिटी एक्ट सहित अन्य धाराओं में तत्काल एफआईआर दर्ज करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। ज्ञापन की प्रतिलिपि जिलाधीश, पुलिस अधीक्षक, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पलारी के चिकित्सा अधिकारी को भी सौंपी गई।

पुलिस का पक्ष

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह ने कहा, “शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।”

प्रबंध संपादक (Managing Editor)

Share this content:

Leave a Comment