दिव्यांगजनों को मिली नई राह: बलौदाबाजार कलेक्टर ने बांटे व्हीलचेयर और मोटराइज्ड ट्रायसाइकिल
बलौदाबाजार। दिव्यांगजनों को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने एक बड़ी और संवेदनशील पहल की है। समाज कल्याण विभाग के माध्यम से आयोजित एक कार्यक्रम में मंगलवार को कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने पात्र हितग्राहियों को सहायक उपकरण वितरित किए। प्रशासन की इस पहल से दिव्यांगजनों के चेहरों पर मुस्कान लौट आई है।
कार्यक्रम के दौरान कुल छह दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकता के अनुसार उपकरण प्रदान किए गए:
- 8 वर्षीय साहिल यादव (ग्राम शुक्लाभाठा) को व्हीलचेयर प्रदान की गई।
- दिलीप कुमार पटेल (सरखोर), जितेन्द्र मिरी (भाटापारा), रज्जू लहरी (ग्राम बड़े जरौद), साधे रात्रे (ग्राम हथबंद) और बुधयारिन साहू (ग्राम मल्लिन) को मोटराइज्ड ट्रायसाइकिल सौंपी गई।
सहायक उपकरण प्राप्त होने पर दिव्यांगजनों और उनके परिजनों ने खुशी जाहिर करते हुए शासन-प्रशासन के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि मोटराइज्ड ट्रायसाइकिल और व्हीलचेयर मिलने से अब उन्हें दैनिक जीवन के कार्यों में किसी पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा, जिससे उनकी आवाजाही आसान होगी।
कलेक्टर कुलदीप शर्मा का संदेश:
“दिव्यांगजनों को हर संभव सुविधा उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। समाज कल्याण विभाग के माध्यम से जरूरतमंद और पात्र हितग्राहियों की पहचान कर उपकरण दिए जा रहे हैं, ताकि वे पूरे सम्मान और आत्मविश्वास के साथ अपना जीवन व्यतीत कर सकें।”
