छोटे भाई ने नशे में बड़े भाई पर फावड़े से किया हमला, रास्ते में तोड़ा दम

SARJU PRASAD SAHU

May 11, 2026

दुर्ग। राज्य में अपराध थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला दुर्ग जिले के भिलाई स्थित रूआबांधा मायानगर HSCL कॉलोनी का है, जहां छोटे भाई ने बड़े भाई पर फावड़े से हमलाकर उसकी हत्या कर दी। वारदात को देख आसपास के लोगों के होश उड़ गए।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान अशोक यादव (34) और आरोपी उसका छोटा भाई मनोज यादव (32) के रूप में हुई है। दोनों मजदूरी करते थे और एक ही घर में रहते थे। बड़ा भाई शराब का आदी था, जिससे दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था।

रविवार शाम को हुआ विवाद

रविवार (10 मई) की शाम करीब 6 बजे किसी बात पर दोनों भाइयों में तीखी बहस हुई। मनोज उस समय नशे की हालत में था। गुस्से में उसने पास रखा फावड़ा उठाकर अशोक के सिर पर दे मारा। इससे अशोक गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा।

इलाज के दौरान मौत

लोगों ने तुरंत पुलिस और 108 एंबुलेंस को सूचना दी। घायल को पहले दुर्ग जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देख रायपुर के डॉ. भीमराव अंबेडकर अस्पताल (मेकाहारा) रेफर कर दिया। लेकिन रास्ते में ही अशोक की मौत हो गई।

पुलिस कार्रवाई

घटना के बाद पुलिस ने पहले हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया था। मौत होने पर अब हत्या की धारा जोड़ दी गई है। आरोपी मनोज यादव को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।

सीएसपी सत्य प्रकाश तिवारी ने बताया कि दोनों भाइयों के बीच पहले भी कई बार विवाद हो चुका था। नशे में विवाद बढ़ने पर आरोपी ने यह वारदात कर डाली। मामले की जांच जारी है।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment