
बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में एक महिला का खून से लथपथ शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जांच में महिला की पत्थर या किसी भारी वस्तु से सिर कुचलकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। मामले में पुलिस ने मृतका के देवर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 20 स्थित सिविल लाइन इलाके में रहने वाली 29 वर्षीय पुष्पा ध्रुव, पति सोमनाथ ध्रुव, का शव उसके घर के पीछे स्थित बाड़ी में रक्तरंजित अवस्था में मिला। मृतका के चेहरे और सिर पर किसी भारी वस्तु से कई बार वार किए जाने के निशान पाए गए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदेह के आधार पर मृतका के देवर देवेंद्र ध्रुव को हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस परिजनों तथा आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है, ताकि हत्या के कारणों और घटनाक्रम की वास्तविक जानकारी सामने आ सके।
कोतवाली थाना प्रभारी लखेश केंवट ने बताया कि मृतका पुष्पा ध्रुव (29 वर्ष) का शव उसके घर की बाड़ी में खून से सनी अवस्था में मिला है। प्रारंभिक जांच में चेहरे पर किसी भारी वस्तु से हमला किए जाने के संकेत मिले हैं। एक युवक को हिरासत में लिया गया है, जो मृतका का देवर बताया जा रहा है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और परिजनों से पूछताछ के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।