VSK ऐप अपडेट: तकनीकी दिक्कतों पर शिक्षा मंत्री का बड़ा ऐलान, वेतन कटौती नहीं होगी

SARJU PRASAD SAHU

July 30, 2026

रायपुर। 30 जुलाई 2026 VSK ऐप में आ रही तकनीकी दिक्कतों को लेकर प्रदेशभर के शिक्षकों की चिंताओं के बीच स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने बड़ा आश्वासन दिया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ऐप में तकनीकी त्रुटियों के कारण किसी भी शिक्षक का वेतन नहीं काटा जाएगा। सरकार शिक्षकों के हितों की पूरी सुरक्षा करेगी और सभी तकनीकी समस्याओं का जल्द समाधान कराया जाएगा।

शिक्षा मंत्री ने बताया कि VSK ऐप में सामने आ रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों और तकनीकी टीम को तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए हैं। लक्ष्य रखा गया है कि 15 अगस्त तक ऐप की सभी प्रमुख तकनीकी खामियों को दूर कर इसे पूरी तरह सुचारु बनाया जाए, ताकि शिक्षकों को ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के लगभग 1 लाख 75 हजार शिक्षकों में से करीब डेढ़ लाख शिक्षक नियमित रूप से VSK ऐप के माध्यम से अपनी ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कर रहे हैं, जो कुल शिक्षकों का लगभग 85 प्रतिशत है। यह आंकड़ा दर्शाता है कि राज्य के शिक्षक नई तकनीक को अपनाते हुए शिक्षा व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और आधुनिक बनाने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

गजेंद्र यादव ने शिक्षकों के सहयोग और अनुशासन की सराहना करते हुए कहा कि वे केवल विद्यार्थियों को शिक्षा देने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि डिजिटल व्यवस्था को सफल बनाने में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। सरकार उनके सुझावों और अनुभवों के आधार पर VSK ऐप को और अधिक सरल, उपयोगी तथा प्रभावी बनाने की दिशा में लगातार काम करेगी।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि यदि किसी शिक्षक को तकनीकी कारणों से ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने में परेशानी होती है, तो उसका कोई नकारात्मक प्रभाव उसके वेतन या सेवा संबंधी मामलों पर नहीं पड़ेगा। सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि तकनीकी खामी का खामियाजा किसी भी शिक्षक को न भुगतना पड़े।

अंत में शिक्षा मंत्री ने सभी शिक्षकों से अपील की कि वे पहले की तरह VSK ऐप का उपयोग जारी रखें और यदि किसी प्रकार की तकनीकी समस्या या सुझाव हो तो उसे संबंधित अधिकारियों तक अवश्य पहुंचाएं। सरकार प्रत्येक सुझाव पर सकारात्मक विचार कर आवश्यक सुधार करेगी, जिससे प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था और अधिक प्रभावी तथा तकनीक-सक्षम बन सके।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment