
पलारी | सोनारदेवरी और कोसमंदा के बीच बुधवार शाम करीब 4 बजे दो बाइकों की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना तेज था कि दोनों बाइकों पर सवार लोग सड़क पर गिर गए और आसपास हड़कंप मच गया। घटना में एक ही परिवार के पिता-पुत्र समेत चार लोग घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार कौहरौद निवासी किशन बारले (40 वर्ष) पिता सधवा बारले अपनी पत्नी अनिता (38 वर्ष) और बेटे टुकेश्वर बारले (22 वर्ष) के साथ बाइक क्रमांक CG-22-T-1533 पर छडिया से कौहरौद जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी बाइक क्रमांक CG-22-J-8461 से उनकी आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में किशन बारले के सिर और हाथ में चोटें आई हैं, बेटे टुकेश्वर के गले में गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं और अनिता को अंदरूनी चोटें आई हैं।
दूसरी बाइक पर लच्छनपुर निवासी पुष्पेंद्र यादव (18 वर्ष) और नीरेंद्र साहू (19 वर्ष) सवार थे। इस टक्कर में नीरेंद्र साहू के सिर पर गंभीर चोट आई है, जबकि पुष्पेंद्र यादव के जबड़े में चोट लगी है।
घटना की सूचना मिलते ही पलारी थाना प्रभारी परिवेश तिवारी पुलिस स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को पलारी शासकीय अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को जिला अस्पताल बलौदा बाजार रेफर किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
🙏🙏