बलौदाबाजार। प्रदेश में बिजली बिल वृद्धि को लेकर कांग्रेस ने राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज के मार्गदर्शन में, जिला कांग्रेस कमेटी बलौदाबाजार की अध्यक्ष सुमित्रा धृतलहरे के नेतृत्व तथा बिलाईगढ़ विधायक कविता प्राण लहरे के दिशा-निर्देश में बुधवार को बलौदाबाजार में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया गया। इस कार्यक्रम में सोनाखान क्षेत्र से ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष युधिष्ठिर नायक की अगुवाई में सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत जिला कांग्रेस कार्यालय बलौदाबाजार से हुई, जहां बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता एकत्रित हुए। इसके बाद सभी ने पदयात्रा करते हुए विद्युत विभाग कार्यालय तक पहुंचकर बिजली बिल में हुई वृद्धि के खिलाफ प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बढ़ती महंगाई और बिजली दरों में बढ़ोतरी को जनविरोधी निर्णय बताया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार आम जनता पर लगातार आर्थिक बोझ बढ़ा रही है। बढ़े हुए बिजली बिलों से किसान, मजदूर, छोटे व्यापारी और मध्यम वर्गीय परिवार सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं। नेताओं ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता के हितों की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष करती रहेगी।
विद्युत विभाग कार्यालय के समीप कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी तैनात रहा। प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ, लेकिन कार्यकर्ताओं में बिजली बिल वृद्धि को लेकर स्पष्ट नाराजगी दिखाई दी।
कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुमित्रा धृतलहरे, पूर्व कृषक कल्याण बोर्ड अध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा, पूर्व पाठ्य पुस्तक निगम अध्यक्ष शैलेश नितिन त्रिवेदी, पूर्व मंडल सदस्य सतीश शर्मा, दिनेश यदु, मोती वर्मा, सुशील शर्मा, सुनील साहू, तुलसी वर्मा, परमेश्वर यदु, कालेंद्री वर्मा, नीलू साहू, पदमेश्वरी साहू, दीपक साहू, दया राम वर्मा और सुनील कुर्रे सहित अनेक वरिष्ठ कांग्रेस नेता मौजूद रहे।
वहीं सोनाखान क्षेत्र से ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष युधिष्ठिर नायक, धरम सिंह रात्रे, जान मोहम्मद खान, सालिक राम पटेल, दिलीप पटेल, संपत ठाकुर, दिनेश ठाकुर, हेम कुमार दीवान, मिनकेतन पटेल और गुलाब जागड़े सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि बिजली दरों में वृद्धि वापस नहीं ली गई और जनता को राहत नहीं दी गई, तो पार्टी आगामी दिनों में जिला एवं प्रदेश स्तर पर व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। प्रदर्शन के माध्यम से कांग्रेस ने सरकार को जनहित के मुद्दों पर गंभीरता से विचार करने की मांग की है।