बाप-बेटे का कारनामा, खम्हारडीह के गोल्डन होम्स में चोरी करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार

BIRENDRA KUMAR SEN

June 11, 2026

 

बाप-बेटे का कारनामा, खम्हारडीह के गोल्डन होम्स में चोरी करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी के खम्हारडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत ‘गोल्डन होम्स’ सोसाइटी में हुई एक बड़ी चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले शातिर चोर और चोरी का सामान खपाने वाले उसके सहयोगियों सहित कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के जेवरात, नगदी और चोरी के पैसों से खरीदे गए सामान समेत कुल 6,28,000 रुपये का मशरूका बरामद किया गया है।

​पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गोल्डन होम्स (खम्हारडीह) निवासी प्रार्थी भरत छापड़िया ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 3 और 4 जून 2026 की दरम्यानी रात वह अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात चोर ने घर में प्रवेश किया और आलमारी व लॉकर को चाबी से खोलकर उसमें रखे सोने के जेवरात, चांदी के सिक्के और नगदी रकम पार कर दी। प्रार्थी की शिकायत पर खम्हारडीह पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 176/26, धारा 331(4), 305 (बीएनएस) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

​चोरी की इस घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राईम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (उत्तर क्षेत्र) मयंक गुर्जर के निर्देशन में ‘एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट’ (ACCU) तथा खम्हारडीह पुलिस की एक संयुक्त टीम का गठन किया गया।

​टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेजों को खंगाला। तकनीकी विश्लेषण और उपलब्ध डेटा के आधार पर पुलिस को जल विहार कालोनी (तेलीबांधा) निवासी डी रवि राव उर्फ डी बच्चन पर संदेह हुआ। बता दें कि आरोपी डी रवि राव पहले भी चोरी के मामलों में जेल जा चुका है।

​पुलिस ने घेराबंदी कर जब डी रवि राव उर्फ डी बच्चन को हिरासत में लिया और कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि उसने चोरी का कुछ सामान अपने चचेरे भाई डी इग्नेश और एक परिचित अशोक मानिकपुरी को बेचने और छुपाकर रखने के लिए दिया था। इस जानकारी के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए डी इग्नेश और अशोक मानिकपुरी को भी गिरफ्तार कर लिया।

​पुलिस ने तीनों आरोपियों के कब्जे से निम्नलिखित सामान बरामद किया है:

  • ​चोरी के सोने एवं चांदी के जेवरात
  • ​नगदी रकम
  • ​चोरी के पैसों से खरीदा गया 1 नग मोबाइल फोन और 1 नग कूलर
  • ​वारदात में इस्तेमाल की गई 1 नग मोटरसाइकिल

​जब्त किए गए कुल सामान की कीमत लगभग 6,28,000 रुपये आंकी गई है। मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 317(2) और 3(5) जोड़कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की है।

जिला रिपोर्टर बलौदा बजार

Share this content:

Leave a Comment