सड़क हादसा: अनियंत्रित होकर मोड़ पर गिरे दो युवक गंभीर रूप से घायल, डायल 112 ने पहुँचाया अस्पताल
कसडोल (बलौदाबाजार)।
बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस की आपातकालीन सेवा ‘डायल 112’ एक बार फिर आम जनता के लिए संकटमोचक साबित हुई है। थाना कसडोल क्षेत्र के अंतर्गत बरघाट असनींद मोड़ के पास हुए एक भीषण सड़क हादसे में डायल 112 की टीम ने तत्परता दिखाते हुए दो गंभीर रूप से घायल युवकों की जान बचाई। पुलिस कर्मियों ने बिना समय गंवाए घायलों को तत्काल अस्पताल पहुँचाकर उनका इलाज शुरू कराया।
मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम करीब 05:15 बजे बरघाट असनींद मोड़ के पास एक मोटरसाइकिल अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि बाइक सवार दोनों युवक सड़क किनारे दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर डायल 112 (कसडोल बाज 01) की टीम तुरंत हरकत में आई।
सूचना मिलते ही वाहन में तैनात आरक्षक क्रमांक 371 आशुतोष बंजारे और चालक नेतराम पटेल बिना कोई समय गंवाए मौके पर पहुँचे। घटनास्थल पर एक युवक बेहोशी की हालत में था, जबकि दूसरा गंभीर चोटों के कारण दर्द से तड़प रहा था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस स्टाफ ने बेहद सावधानीपूर्वक दोनों घायलों को डायल 112 वाहन में बिठाया और तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) कसडोल लेकर रवाना हुए।
अस्पताल में डॉक्टरों की देखरेख में दोनों का प्राथमिक उपचार शुरू कर दिया गया है। घायलों की पहचान इस प्रकार की गई है:
सुरेंद्र तिवारी (पिता: पिंकू तिवारी), निवासी – कसडोल।
राकेश महंत (पिता: देवदास महंत), निवासी – भोपाल, मध्य प्रदेश।
पुलिस की अपील: सुरक्षित चलाएं वाहन
“सड़क हादसों में घायल व्यक्तियों को ‘गोल्डन ऑवर’ (समय पर) अस्पताल पहुँचाना हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है। आरक्षक आशुतोष और चालक नेतराम ने मुस्तैदी दिखाकर सराहनीय कार्य किया है।”
पुलिस प्रशासन ने जिले के सभी वाहन चालकों से अपील की है कि वे मोड़ों और संवेदनशील रास्तों पर वाहन की गति धीमी रखें, हेलमेट/सीटबेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल डायल 112 को सूचित करें।