जिले में 1504 किलो लीटर पेट्रोल-डीजल का स्टॉक, यानी करीब 15 लाख लीटर ईंधन उपलब्ध

TOSHAN PRASAD CHOUBEY

May 16, 2026

बलौदाबाजार, 15 मई 2026। जिले में पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता को लेकर प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया है कि वर्तमान में जिले के पेट्रोल पंपों पर कुल 1504 किलो लीटर ईंधन का स्टॉक उपलब्ध है। प्रशासन के अनुसार यह मात्रा लगभग 15 लाख 4 हजार लीटर के बराबर है, जिससे आम नागरिकों को घबराने की जरूरत नहीं है।

कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देश पर ऑयल कंपनियों एवं खाद्य विभाग के अधिकारियों द्वारा जिले के पेट्रोल और डीजल पंपों की लगातार निगरानी की जा रही है। जिले में संचालित 116 पेट्रोल पंपों में से 111 पंपों पर 656 किलो लीटर पेट्रोल एवं 848 किलो लीटर डीजल उपलब्ध है। जबकि 5 पेट्रोल-डीजल पंप फिलहाल ड्राई आउट हैं, जहां जल्द ही ईंधन की आपूर्ति की जा रही है।

प्रशासन ने बताया कि जिले में प्रतिदिन औसतन 160 किलो लीटर पेट्रोल और 360 किलो लीटर डीजल की खपत होती है। बीते दो दिनों में अफवाहों और घबराहट के कारण अचानक मांग बढ़ने से कुछ स्थानों पर कृत्रिम अभाव की स्थिति बनी थी।

कलेक्टर ने तीनों ऑयल कंपनियों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर मांग के अनुरूप लगातार आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सभी पेट्रोल पंपों को जरूरत पड़ने पर 24 घंटे संचालन और आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया है।

ईंधन आपूर्ति से संबंधित शिकायतों एवं जानकारी के लिए जिला प्रशासन ने 9201899925 नंबर जारी किया है।

प्रबंध संपादक (Managing Editor)

Share this content:

Leave a Comment