बिलासपुर। 25 मई 2026 सुशासन तिहार के तहत तखतपुर विकासखंड के ग्राम सकर्रा में आयोजित समाधान शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शिविर में कुल 240 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 25 का त्वरित निराकरण किया गया। वहीं, पात्र हितग्राहियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी दिया गया।
तखतपुर एसडीएम नितिन तिवारी ने शिविर की अध्यक्षता करते हुए हितग्राहियों को योजनाओं के तहत सामग्री एवं चेक वितरित किए। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करना है। शासन की योजनाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए प्रशासन प्रतिबद्ध है।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा कुल 610 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इनमें 201 लोगों की बीपी-शुगर जांच, 225 की सिकल सेल जांच शामिल है। इसके अलावा, 7 हितग्राहियों को राशन कार्ड के लिए पात्रता पत्र, 7 को पेंशन स्वीकृति हेतु पात्र घोषित किया गया। 10 को मनरेगा जॉब कार्ड, 11 को आयुष्मान कार्ड, 47 को लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस प्रदान किया गया।
वहीं, 10 हितग्राहियों को आवास स्वीकृति मिली, 10 समूहों को 36-36 हजार रुपये के चेक वितरित किए गए। 2 हितग्राहियों को 40-40 हजार रुपये का चेक एवं 4 को खाद-बीज दिया गया। साथ ही, 4 शिशुओं का अन्नप्रासन व 5 महिलाओं की गोद भराई रस्म संपन्न कराई गई।
इस अवसर पर जनपद पंचायत तखतपुर के सीईओ सत्यव्रत तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे। अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर संबंधित विभागों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।