कोरिया। वन मंडल अंतर्गत सोनहत वन परिक्षेत्र में इन दिनों सरई वृक्षों की अवैध कटाई लगातार जारी है। स्थिति इतनी गंभीर हो चुकी है कि वन परिक्षेत्र कार्यालय के नजदीक स्थित अमहर बीट में ही वन तस्कर खुलेआम बड़े और पुराने सरई वृक्षों पर कुल्हाड़ी चला रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि जिम्मेदार वन अमला कार्रवाई करने के बजाय मूकदर्शक बना हुआ नजर आ रहा है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार जंगलों में प्रतिदिन नए-नए पेड़ों की कटाई की जा रही है। तस्करों के हौसले इतने बढ़ चुके हैं कि कटे हुए वृक्षों की लकड़ियां जंगल में ही छोड़ दी जा रही हैं, लेकिन वन विभाग अब तक उन लकड़ियों को जब्त करने तक की कार्रवाई नहीं कर पाया है। इससे विभाग की कार्यशैली और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े होने लगे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि नए रेंजर की पदस्थापना के बाद लोगों को उम्मीद थी कि अवैध कटाई पर अंकुश लगेगा और जंगल सुरक्षित होंगे, लेकिन हालात पहले जैसे ही बने हुए हैं। वन क्षेत्रों में लगातार हो रही कटाई से शासन के वन संरक्षण अभियान की भी पोल खुलती दिखाई दे रही है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि वन विभाग की लापरवाही और सुस्त कार्यप्रणाली के कारण वन तस्करों के हौसले लगातार बढ़ रहे हैं। यदि समय रहते कठोर कार्रवाई नहीं की गई तो आने वाले समय में क्षेत्र की वन संपदा को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।
लोगों का कहना है कि जब वन परिक्षेत्र कार्यालय के आसपास के जंगल ही सुरक्षित नहीं हैं तो दूरस्थ वन क्षेत्रों की स्थिति का सहज अंदाजा लगाया जा सकता है। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है और ग्रामीणों ने जिम्मेदार अधिकारियों से तत्काल जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।