कोरबा। वन मंडल कोरबा के अंतर्गत भुलसीडीह में निर्माणाधीन वॉच टॉवर इन दिनों गंभीर अनियमितताओं को लेकर चर्चा में है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार निर्माण कार्य में तय तकनीकी मानकों की अनदेखी की जा रही है, जिससे न केवल गुणवत्ता बल्कि सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के मुताबिक वॉच टॉवर की निर्धारित ऊंचाई लगभग 45 फीट तय की गई थी, लेकिन निर्माण को करीब 35 फीट पर ही सीमित कर दिया गया। इसके अलावा टॉवर में सुरक्षा से जुड़े बुनियादी प्रावधान भी अधूरे हैं—सीढ़ियों के किनारे रेलिंग का अभाव है और ऊपरी प्लेटफॉर्म पर पैराफिट नहीं बनाया गया है।
सबसे गंभीर आरोप यह है कि निर्माण में प्लास्टर किए बिना ही सीधे पोताई कर काम को अंतिम रूप देने की कोशिश की जा रही है। इससे निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं और संभावित गड़बड़ियों को छिपाने की आशंका जताई जा रही है। वहीं फर्शीकरण का कार्य भी अभी अधूरा बताया जा रहा है।
सूत्रों का कहना है कि यह पूरा निर्माण कार्य रेंजर मृत्युंजय शर्मा की निगरानी में किया जा रहा है, लेकिन आरोपों के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि शिकायतों के बावजूद जांच की पहल न होना कहीं न कहीं संरक्षण की ओर इशारा करता है।
अब देखना होगा कि वन विभाग इस मामले में क्या कार्रवाई करता है और निर्माण कार्य की गुणवत्ता व सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।