पलारी। नगर में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ाने के लिए रविवार रात थाना पलारी पुलिस पूरी मुस्तैदी के साथ सड़कों पर नजर आई। जिला पुलिस अधीक्षक ओ पी शर्मा के निर्देश व थाना प्रभारी परिवेश तिवारी के नेतृत्व में पुलिस बल ने नगर के प्रमुख चौक-चौराहों, मुख्य बाजार, बस स्टैंड, व्यावसायिक क्षेत्रों और संवेदनशील इलाकों में पैदल मार्च किया। पुलिस की मौजूदगी से जहां आम नागरिकों ने राहत महसूस की, वहीं संदिग्ध और असामाजिक तत्वों में हड़कंप की स्थिति देखी गई।

रात्रि करीब 8 बजे शुरू हुए इस विशेष विजिबल पुलिसिंग अभियान में थाना प्रभारी स्वयं पुलिस जवानों के साथ नगर की गलियों और प्रमुख मार्गों पर पैदल निकले। इस दौरान पुलिस टीम ने संदिग्ध रूप से घूम रहे लोगों से पूछताछ की, देर रात तक अनावश्यक रूप से समूह बनाकर खड़े लोगों को समझाइश दी तथा यातायात में बाधा उत्पन्न करने वालों को सख्त हिदायत दी।
थाना प्रभारी परिवेश तिवारी ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल कानून व्यवस्था बनाए रखना नहीं, बल्कि आम नागरिकों के बीच सुरक्षा का मजबूत वातावरण तैयार करना भी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
पैदल मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों और नागरिकों से चर्चा कर उनकी समस्याएं भी सुनीं। नगर के कई व्यापारियों ने पुलिस की सक्रियता की सराहना करते हुए कहा कि थाना प्रभारी के नेतृत्व में लगातार बढ़ी पुलिसिंग से बाजार और सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा का माहौल मजबूत हुआ है।
नगरवासियों का कहना है कि हाल के दिनों में थाना पलारी पुलिस की बढ़ी हुई सक्रियता और नियमित गश्त से लोगों में विश्वास बढ़ा है। वहीं अपराधियों और असामाजिक तत्वों के लिए यह स्पष्ट संदेश है कि पलारी पुलिस पूरी तरह सतर्क है और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।