बलौदाबाजार-भाटापारा। लोकसभा में लोक परीक्षा अनुचित साधन निवारण (संशोधन) विधेयक-2026 पारित होने पर भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला मंत्री कौशल साहू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने हमेशा युवाओं के विश्वास, उनके सपनों और उनकी मेहनत को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। यही कारण है कि सरकार लगातार ऐसी नीतियां और कानून बना रही है, जो ईमानदार अभ्यर्थियों के भविष्य को सुरक्षित करने का काम करें।
कौशल साहू ने कहा कि वर्षों से प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक और अनुचित साधनों की घटनाओं से लाखों युवाओं की मेहनत प्रभावित होती रही है। ऐसे समय में लोक परीक्षा अनुचित साधन निवारण (संशोधन) विधेयक-2026 केवल एक कानून नहीं, बल्कि देश के करोड़ों युवाओं के भरोसे को मजबूत करने वाला निर्णय है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार का स्पष्ट उद्देश्य है कि योग्य युवाओं को उनकी मेहनत का न्याय मिले और भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी एवं विश्वसनीय बने। यह संशोधन परीक्षा प्रणाली की पवित्रता को सशक्त करेगा और गड़बड़ी करने वालों के लिए कड़ा संदेश साबित होगा। कौशल साहू ने कहा कि भाजपा का संकल्प है कि देश का युवा बिना किसी भय और भेदभाव के अपनी प्रतिभा के दम पर आगे बढ़े। यह विधेयक उसी संकल्प को मजबूत करने वाला एक ऐतिहासिक कदम है, जिससे लाखों मेहनती अभ्यर्थियों का भविष्य अधिक सुरक्षित और भरोसेमंद बनें