पीएसीएल चिटफंड घोटाला: फरार दो डायरेक्टर गिरफ्तार, 38 लाख से अधिक की ठगी का मामला

TEJASWI NATH SONI

April 25, 2026

पलारी, 25 अप्रैल 2026। थाना पलारी पुलिस ने PACLIC (पल्स इंडिया कंपनी लिमिटेड – PACL) से जुड़े चिटफंड घोटाले में बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार चल रहे दो डायरेक्टरों को गिरफ्तार किया है। यह मामला 128 निवेशकों से ₹38,18,310 की ठगी से जुड़ा है।

पुलिस के अनुसार कंपनी के डायरेक्टरों एवं एजेंटों द्वारा लोगों को अधिक ब्याज का लालच देकर पैसे जमा कराए गए थे, लेकिन निर्धारित अवधि के बाद भी निवेशकों को उनकी राशि वापस नहीं की गई। इस संबंध में थाना पलारी में वर्ष 2016 में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

📌 उत्तरप्रदेश से हिरासत में लिए गए आरोपी

पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशन में फरार आरोपियों की तलाश जारी थी। जांच के दौरान जानकारी मिली कि दोनों आरोपी उत्तरप्रदेश के जालौन जिले के उरई जेल में निरुद्ध हैं।

पलारी पुलिस ने न्यायालयीन प्रक्रिया पूरी कर दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया।

📌 गिरफ्तार आरोपियों के नाम

गुरनाम सिंह (59 वर्ष) – निवासी जिला रोपड़, पंजाब

गुरजंत सिंह (80 वर्ष) – निवासी मोहाली, पंजाब

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने लोगों से अधिक लाभ का लालच देकर ठगी करना स्वीकार किया है।

📊 अब तक 11 आरोपी गिरफ्तार

इस प्रकरण में अब तक कुल 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पहले भी 9 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी थी, जबकि शेष आरोपियों की तलाश जारी है।

⚖️ कानूनी कार्रवाई

आरोपियों के खिलाफ धारा 420, 34 भादवि, छत्तीसगढ़ निक्षेपकों के हितों का संरक्षण अधिनियम तथा प्राइज चिट्स एंड मनी सर्कुलेशन एक्ट के तहत मामला दर्ज है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment