बलौदाबाजार। 20 मई 2026 जिले में आपातकालीन पुलिस सहायता व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में बुधवार को बड़ा कदम उठाया गया। राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने जिला मुख्यालय स्थित रक्षित केंद्र परिसर से नेक्स्ट जेन सीजी डायल-112 सेवा का शुभारंभ करते हुए 15 अत्याधुनिक वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस नई व्यवस्था के तहत जिले को 12 डायल-112 वाहन, 2 हाईवे पेट्रोलिंग वाहन और 1 मोबाइल फॉरेंसिक वैन उपलब्ध कराई गई है। इन वाहनों की तैनाती जिले के सभी 12 थाना क्षेत्रों में की जाएगी, जिससे शहरी और ग्रामीण इलाकों में किसी भी आपात स्थिति में त्वरित सहायता पहुंचाई जा सकेगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजस्व मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशा के अनुरूप प्रदेश में पुलिसिंग व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। डायल-112 सेवा का उद्देश्य आम नागरिकों को 24 घंटे त्वरित सहायता उपलब्ध कराना है। अब किसी भी घटना, दुर्घटना या आपात स्थिति में केवल 112 डायल करते ही पुलिस सहायता तत्काल मौके पर पहुंचेगी।
उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीकों से लैस ये वाहन कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ अपराध नियंत्रण और त्वरित रिस्पॉन्स में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
डायल-112 के इन अत्याधुनिक वाहनों में स्मार्टफोन, जीपीएस, वायरलेस रेडियो, पीटीजेड कैमरा, डैश कैम, मोबाइल एनवीआर और सोलर बैकअप जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। इन तकनीकों की मदद से कंट्रोल रूम द्वारा घटनास्थल की लाइव मॉनिटरिंग, रियल-टाइम ट्रैकिंग और त्वरित संचार सुनिश्चित किया जाएगा।
नागरिक अब वॉयस कॉल के अलावा एसएमएस, ईमेल, वेब पोर्टल, व्हाट्सएप, चैटबॉट और एसओएस-112 इंडिया ऐप के माध्यम से भी सहायता प्राप्त कर सकेंगे। वाहनों में लगे जीपीएस सिस्टम की सहायता से कंट्रोल रूम द्वारा पीड़ित के बताए गए स्थान के सबसे नजदीकी वाहन को तुरंत रवाना किया जाएगा।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जैन, कलेक्टर कुलदीप शर्मा, पुलिस अधीक्षक ओपी शर्मा, पूर्व विधायक प्रमोद शर्मा, नगर पालिका उपाध्यक्ष जितेंद्र महले, जिला पंचायत सीईओ दिव्या अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह एवं हेमसागर सिदार सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।