बलौदाबाजार। राजधानी रायपुर के माना पुलिस परेड ग्राउंड में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा छत्तीसगढ़ पुलिस की ‘नेक्स्ट जेन CG डायल-112 सेवा’ और मोबाइल फॉरेंसिक वैन का शुभारंभ किए जाने के बाद अब नई वाहनें जिलों तक पहुंचने लगी हैं।
इसी क्रम में बलौदाबाजार जिले के पलारी थाना में नई डायल-112 वाहन पहुंची। थाना प्रभारी परिवेश तिवारी ने वाहन की पूजा-अर्चना कर नारियल फोड़ा और फूल-माला पहनाकर स्वागत किया। थाना परिसर में वाहन के पहुंचते ही उत्साह का माहौल देखने को मिला।
अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस यह नई डायल-112 वाहन सड़क दुर्घटना, विवाद, आपराधिक घटनाओं और अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में लोगों तक तेजी से पुलिस सहायता पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इससे घटनास्थल पर पुलिस की त्वरित पहुंच सुनिश्चित होगी और आम नागरिकों को पहले से अधिक तेज एवं प्रभावी सुरक्षा सेवा मिल सकेगी। साथ ही कानून व्यवस्था को मजबूत करने और अपराध नियंत्रण में भी यह वाहन उपयोगी साबित होगी।
इस दौरान पलारी थाना स्टाफ मौजूद रहा और नई सेवा के शुभारंभ पर खुशी जाहिर की।