धारदार हथियार लहराकर दहशत फैलाने वाले दो आरोपी कोतवाली पुलिस के हत्थे चढ़े, बड़ी घटना से पहले ही दबोचा

SARJU SAHU

August 24, 2026

जांजगीर-चांपा। शारदा चौक, तलवापारा क्षेत्र में धारदार हथियार लहराकर आने-जाने वाले लोगों को डराने-धमकाने वाले दो आरोपियों को कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बड़ी घटना को अंजाम देने से पहले ही गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों के कब्जे से 02 नग धारदार हथियार (बटनदार चाकू) जब्त किए।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरीश चौहान (पिता रमाशंकर चौहान, उम्र 21 वर्ष, निवासी तलवापारा) और पृथ्वीराज सूर्यवंशी (पिता दूजराम सूर्यवंशी, उम्र 23 वर्ष, वार्ड नंबर 10, निवासी तलवापारा) के रूप में हुई है।

जिला पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय (IPS) के पूर्व में थाना प्रभारियों की बैठक लेकर असामाजिक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देशों के परिपालन में यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क एवं CSP कोतवाली सुश्री योगिता बाली खापर्डे के निर्देशन में तथा थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने थाना क्षेत्र में पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर शारदा चौक, तलवापारा से दोनों आरोपियों को पकड़ा।

दोनों आरोपियों के विरुद्ध पृथक-पृथक आर्म्स एक्ट की कार्रवाई करते हुए उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। इस कार्रवाई में निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता (थाना प्रभारी कोतवाली), प्रधान आरक्षक राकेश राठौर, प्रकाश चंद्र राठौर, आलोक शर्मा, आरक्षक विनोद राठौर एवं दिलीप सिंह का विशेष योगदान रहा।

पुलिस की इस सतर्क एवं त्वरित कार्रवाई से तलवापारा क्षेत्र में एक संभावित गंभीर घटना को समय रहते टाल दिया गया। जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत असामाजिक तत्वों पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है, जिससे आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना बढ़ी है। पुलिस का कहना है कि जिले में किसी भी प्रकार की अराजकता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा अपराधियों के विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment