विश्व पर्यावरण दिवस पर नगर पंचायत अध्यक्ष नागेश्वर साहू ने किया वृक्षारोपण।

MOTI LAL

June 6, 2026

कसडोल, 05 जून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नगर पंचायत कसडोल द्वारा कर्मा माता चौक में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष नागेश्वर साहू ने चौक के किनारों पर विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित विकास का संदेश दिया।

इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों, नगर पंचायत के अधिकारियों-कर्मचारियों तथा नागरिकों ने भी पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

नगर पंचायत अध्यक्ष नागेश्वर साहू ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों के बीच वृक्षारोपण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। वृक्ष न केवल पर्यावरण को शुद्ध करते हैं, बल्कि मानव जीवन, वन्यजीवों और आने वाली पीढ़ियों के लिए भी अमूल्य धरोहर हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि प्रत्येक व्यक्ति कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए तथा उसकी नियमित देखभाल कर उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित रखे।

उन्होंने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र को स्वच्छ, सुंदर एवं हरित बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में सार्वजनिक स्थलों, चौक-चौराहों एवं रिक्त भूमि पर नियमित रूप से पौधारोपण अभियान संचालित किया जा रहा है। पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस का कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सतत जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम में सभापति राम धीवर, अजय साहू, वार्ड पार्षद पुनेश्वर नाथ मिश्रा, नीरज साहू, भगवती साहू एवं मंजू बंजारे, नगर साहू समाज के अध्यक्ष गुनीराम साहू, समाज के पदाधिकारी गोपाल साहू, नगर पंचायत कर्मचारी, योगेश निषाद, रथराम साहू, टिकेश्वर वर्मा, प्रमिला साहू सहित नगर पंचायत के समस्त अधिकारी-कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षों के संवर्धन का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान को सफल बनाने तथा अधिक से अधिक पौधे लगाने एवं उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया। विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम ने नगरवासियों को प्रकृति संरक्षण, स्वच्छ पर्यावरण और हरित भविष्य के प्रति जागरूक करने का महत्वपूर्ण संदेश दिया।

प्रधान संपादक

Share this content:

Leave a Comment