पलारी में टला बड़ा हादसा , शुभम के मार्ट के सामने बेकाबू ट्रेलर पलटा, रेलिंग तोड़ते हुए आर्टिगा कार को पहुंचाया नुकसान

TOSHAN PRASAD CHOUBEY

June 6, 2026


पलारी। बलौदाबाजार से रायपुर की ओर सीमेंट लेकर जा रहा एक ट्रेलर शनिवार दोपहर को पलारी में शुभम के मार्ट के सामने अनियंत्रित होकर पलट गया। तेज रफ्तार ट्रेलर सड़क किनारे लगी लोहे की रेलिंग को तोड़ते हुए नीचे जा पहुंचा। हादसे की चपेट में आने से वहां खड़ी एक आर्टिगा कार क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रेलर अचानक चालक के नियंत्रण से बाहर हो गया। देखते ही देखते भारी वाहन रेलिंग तोड़ते हुए पलट गया। हादसे का मंजर इतना भयावह था कि आसपास मौजूद लोग सहम गए। गनीमत रही कि दुर्घटना के समय वहां कोई राहगीर या अन्य वाहन ट्रेलर की सीधी चपेट में नहीं आया, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।

दुर्घटना में आर्टिगा कार को काफी नुकसान पहुंचा है। वहीं राहत की बात यह रही कि किसी प्रकार की जनहानि या गंभीर चोट की सूचना नहीं है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस स्थान पर हादसा हुआ, वहां दिनभर लोगों की आवाजाही बनी रहती है। ऐसे में यह घटना कई सवाल छोड़ गई है।

हादसे के कारण कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही पुलिस और संबंधित विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और यातायात व्यवस्था बहाल करने के साथ ट्रेलर को हटाने की कार्रवाई शुरू की। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

यह हादसा एक बार फिर सड़कों पर दौड़ रहे भारी वाहनों की रफ्तार और सुरक्षा मानकों को लेकर चिंता बढ़ाने वाला है। शनिवार को पलारी में किस्मत ने साथ दिया, वरना कुछ सेकंड की चूक कई परिवारों के लिए जिंदगी भर का दर्द बन सकती थी।

प्रबंध संपादक (Managing Editor)

Share this content:

Leave a Comment