जनहित के मुद्दों पर कांग्रेस का हल्लाबोल, बांकी मोंगरा में सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन

SARJU PRASAD SAHU

July 22, 2026

आस्था, शिक्षा, महंगाई और ग्रामीण समस्याओं को लेकर सरकार को घेरा

कोरबा/बांकी मोंगरा। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर बांकी मोंगरा ब्लॉक कांग्रेस ने ब्लॉक अध्यक्ष संजय आजाद के नेतृत्व में जनहित के विभिन्न मुद्दों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने राम मंदिर चढ़ावा चोरी के कथित मामले की निष्पक्ष जांच, नीट पेपर लीक प्रकरण में दोषियों पर सख्त कार्रवाई, बढ़ते बिजली बिलों से आम जनता को राहत तथा नकटी गांव के साथ हो रहे कथित अन्याय पर तत्काल समाधान की मांग उठाई।

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए ब्लॉक अध्यक्ष संजय आजाद ने कहा कि कांग्रेस जनता की आस्था, युवाओं के भविष्य और ग्रामीणों के अधिकारों से जुड़े हर मुद्दे पर लगातार संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार जनहित के मुद्दों पर गंभीर नहीं है और जनता को हर स्तर पर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

महिला कांग्रेस कोरबा ग्रामीण की जिलाध्यक्ष प्रभा सिंह तंवर ने कहा कि बढ़ती महंगाई और बिजली बिलों ने महिलाओं एवं गरीब परिवारों की आर्थिक स्थिति को बुरी तरह प्रभावित किया है। उन्होंने सरकार से महंगाई से राहत देने और बिजली बिलों में कटौती करने की मांग की।

नेता प्रतिपक्ष मधुसूदन दास ने कहा कि नीट पेपर लीक जैसी घटनाओं ने युवाओं का विश्वास कमजोर किया है और दोषियों पर कठोर कार्रवाई आवश्यक है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं से प्रतिभावान छात्रों के साथ अन्याय होता है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

वहीं सांसद प्रतिनिधि प्रदीप अग्रवाल ने कहा कि जनहित से जुड़े लंबित मामलों का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो कांग्रेस आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि आने वाले दिनों में राज्य भर में इसी तरह के प्रदर्शन किए जाएंगे।

प्रदर्शन में छत बाई चौहान (ब्लॉक अध्यक्ष, महिला कांग्रेस), निक्कू कुकरेजा (पार्षद), धनंजय दीवान (मंडल अध्यक्ष, कुसमुंडा), परमानंद सिंह, सुनील पांडे, हेमंत साहनी, संदीप डहरिया, बजरंग दास, लाल साहू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारेबाजी भी की और मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपने की बात कही।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment