छत्तीसगढ़ में अगले 3-4 दिनों में पूरी तरह सक्रिय होगा मानसून, कई जिलों में भारी बारिश और आंधी-बिजली का अलर्ट

SARJU PRASAD SAHU

June 28, 2026

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून अब तेजी से सक्रिय हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन से चार दिनों के भीतर मानसून प्रदेश के शेष क्षेत्रों में भी पहुंच जाएगा। इसके प्रभाव से आगामी एक सप्ताह तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। कई जिलों में भारी बारिश, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है।

रविवार सुबह से ही प्रदेश के कई इलाकों में मौसम का मिजाज बदलने के आसार हैं। मौसम विभाग ने सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, जशपुर, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, साथ ही गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है।

बीते 24 घंटे के दौरान भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 5 सेंटीमीटर वर्षा मुंगेली में रिकॉर्ड की गई, जबकि दरभा में 4 सेंटीमीटर बारिश हुई। इसके अलावा कोरबा समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने से मौसम सुहावना बना रहा।

तापमान की बात करें तो राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पेंड्रा रोड में सबसे कम न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है, लेकिन वातावरण में नमी बढ़ने से उमस लोगों को परेशान कर रही है। मौसम विभाग के अनुसार, दिनभर बादल छाए रहने और शाम तक बारिश होने की संभावना है। राजधानी में अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और आकाशीय बिजली के समय सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment