रतनपुर पुलिस और साइबर सेल की बड़ी कार्रवाई; स्कोर्पियो से रेकी कर 19 बकरा-बकरी चुराने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के 6 आरोपी गिरफ्तार
रतनपुर/बिलासपुर:
बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र में हुई बकरा-बकरी चोरी की एक बड़ी वारदात का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। रतनपुर पुलिस और साइबर सेल बिलासपुर की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय गिरोह के 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की रकम 1.50 लाख रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई महिंद्रा स्कॉर्पियो गाड़ी जब्त की गई है।
पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल करते हुए चौकाने वाला खुलासा किया। आरोपियों ने बताया कि वे स्कॉर्पियो वाहन से गांव-गांव घूमकर खेत समतलीकरण (मिट्टी बराबर करने) का काम मांगते थे। काम ढूंढने के बहाने वे ग्रामीण इलाकों में घूमकर उन घरों की रेकी करते थे, जहां बड़ी संख्या में मवेशी (बकरा-बकरी) बंधे होते थे। मौका मिलते ही वे रात के अंधेरे में चोरी की वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाते थे।
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि ग्राम चकराभाठा निवासी समन सिंह पैकरा ने रतनपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, 19 जून 2026 की रात अज्ञात चोरों ने उनके बकरी कोठे की ईंट की दीवार तोड़ दी थी और वहां बंधे 4 बकरे और 15 बकरियां (कुल 19 मवेशी) चोरी कर ले गए थे। पीड़ित की रिपोर्ट पर रतनपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
साइबर सेल और रतनपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने जब तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदेहियों को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, तो उन्होंने चकराभाठा से मवेशी चोरी करने की बात स्वीकार की। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने चोरी के सभी 19 मवेशियों को 1.75 लाख रुपये में बेच दिया था। इसमें से 25 हजार रुपये वे खर्च कर चुके थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से बचे हुए 1,50,000 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो जब्त कर ली है।
पकड़े गए आरोपी मूल रूप से मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं, जो वर्तमान में रतनपुर के कर्रा क्षेत्र में रह रहे थे:
-
- बबलू खान (57 वर्ष) – जिला जबलपुर (म.प्र.)
- अमूर खान (66 वर्ष) – जिला जबलपुर (म.प्र.)
- अमीन खान (41 वर्ष) – जिला जबलपुर (म.प्र.)
- हबीम खान (35 वर्ष) – जिला जबलपुर (म.प्र.)
- शाहरूख खान (22 वर्ष) – जिला जबलपुर (म.प्र.)
- मोहम्मद अछ्छन (33 वर्ष) – जिला अमरोहा (उ.प्र.)
कार्रवाई के बाद कोर्ट में पेश: पुलिस ने सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर वैधानिक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।