प्रगतिशील सतनामी समाज महासमुंद की पहली बैठक में कई अहम फैसले, शपथ ग्रहण समारोह होगा भव्य

SARJU PRASAD SAHU

May 20, 2026

पिथौरा विश्राम गृह में जिला कार्यकारिणी के प्रथम बैठक में उपस्थित पदाधिकारी गण

महासमुंद/पिथौरा। प्रगतिशील छत्तीसगढ़ सतनामी समाज महासमुंद की नवनिर्वाचित जिला कार्यकारिणी की प्रथम बैठक पिथौरा स्थित विश्राम गृह में सम्पन्न हुई। बैठक में प्रदेश प्रवक्ता राजमहंत पी एल कोसरिया तथा वरिष्ठ प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एस आर बंजारे की विशेष गरिमामयी उपस्थिति रही। बैठक में संगठन को मजबूत बनाने तथा गांव स्तर तक समाज की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

बैठक में निर्णय लिया गया कि जिला कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह विशेष भव्यता के साथ आयोजित किया जाएगा, जिसमें शासन-प्रशासन के अधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों को अतिथि के रूप में आमंत्रित किया जाएगा।

संगठन को आर्थिक रूप से मजबूत करने के उद्देश्य से जिला कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारियों से प्रतिमाह ₹500 जिला कोष में जमा करने का निर्णय लिया गया। वहीं कुछ पदाधिकारियों ने ₹1000 प्रतिमाह सहयोग राशि देने की सहमति भी प्रदान की।

बैठक में जिला मीडिया प्रभारी के रिक्त पद पर शीघ्र योग्य व्यक्ति की नियुक्ति करने का प्रस्ताव पारित किया गया। इसके अलावा बागबाहरा एवं महासमुंद ब्लॉक कार्यकारिणी का कार्यकाल समाप्त होने के बाद गांव-गांव सदस्यता अभियान चलाकर नए निर्वाचन कराने का निर्णय लिया गया।

संगठनात्मक मजबूती के लिए जिला एवं ब्लॉक पदाधिकारियों का संयुक्त प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने तथा प्रदेश पदाधिकारियों को आमंत्रित करने का भी निर्णय लिया गया। साथ ही युवा, महिला, शिक्षा एवं साहित्य प्रकोष्ठ के जिला पदाधिकारियों को जिला कार्यकारिणी की ओर से नियुक्ति पत्र जारी किए जाने का प्रस्ताव भी पारित हुआ।

बैठक में अनुशासन को लेकर भी कड़ा निर्णय लिया गया। तय किया गया कि जिला कार्यकारिणी का कोई भी पदाधिकारी लगातार तीन बैठकों में अनुपस्थित रहता है तो उसे कारण बताओ नोटिस जारी कर पद समाप्त करने की कार्रवाई की जाएगी।

ग्राम स्तर पर महिलाओं एवं युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए महिला एवं युवा प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों और अध्यक्षों को सक्रियता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए। वहीं “सतनाम संदेश” पत्रिका के प्रचार-प्रसार को बढ़ाने के लिए जिला एवं ब्लॉक कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारियों के लिए पत्रिका मंगाना अनिवार्य किया गया। साथ ही हर गांव तक पत्रिका पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया।

बैठक में जिला अध्यक्ष विजय बंजारे, जिला उपाध्यक्ष नूतन कुर्रे, श्री के सोनटके, श्री चिंता साय, कोषाध्यक्ष श्री घनश्याम जांगड़े सहित जिला कार्यकारिणी सदस्य संजय कोसरिया, डॉ रामकुमार गायकवाड, हेमंत ढीढी, पवन लहरे, डॉ विजय कुमार चतुर्वेदी, पंच कुमारी योगी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं समाजजन उपस्थित रहे।

बैठक का संचालन एवं आभार प्रदर्शन जिला सचिव रेखराम बघेल ने किया।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment