बलौदाबाजार, 6 जून 2026। कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देश एवं जिला आबकारी विभाग के मार्गदर्शन में अवैध शराब के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आबकारी विभाग की टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए लगभग 12 हजार रुपये मूल्य की अवैध मदिरा जब्त की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वृत्त भाटापारा एवं सिमगा में आबकारी विभाग द्वारा ओमप्रकाश साहू, निवासी ग्राम कोलिहा थाना भाटापारा ग्रामीण के कब्जे से 45 पाव (8.10 बल्क लीटर) देशी मदिरा मसाला तथा दीपक साहू, निवासी ग्राम दामाखेड़ा थाना सिमगा के कब्जे से 5.4 बल्क लीटर विदेशी मदिरा गोवा व्हिस्की जब्त की गई। इस कार्रवाई में कुल 13.5 बल्क लीटर मदिरा जब्त की गई।
इसी प्रकार वृत्त पलारी में आबकारी विभाग द्वारा बेद राम घृतलहरे (उम्र 25 वर्ष), निवासी ग्राम खम्हरिया थाना पलारी के कब्जे से 40 पाव देशी मदिरा मसाला, कुल 7.2 बल्क लीटर मदिरा जब्त की गई। जब्त मदिरा का बाजार मूल्य लगभग 4,000 रुपये आंका गया है।
आबकारी विभाग ने तीनों आरोपियों ओमप्रकाश साहू, दीपक साहू एवं बेद राम घृतलहरे के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(2) एवं 59(क) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी है।
उक्त कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक मनराखन नेताम, पी. माधव राव, आबकारी मुख्य आरक्षक राधागिरी गोस्वामी, नगर सैनिक कमल वर्मा एवं दुर्गेश्वरी कुर्रे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।