रायपुर में प्रतिभाओं का महाकुंभ: समाज गौरव सम्मान 2026 में गूंजा सम्मान, संस्कृति और सामाजिक सरोकारों का स्वर

TEJASWI NATH SONI

June 4, 2026

प्रदेशभर की प्रतिभाओं को मिला सम्मान, संस्कृति और समाजसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान का हुआ अभिनंदन

रायपुर, 3 जून 2026। सृजन भूमि छत्तीसगढ़ दैनिक समाचार पत्र एवं छत्तीसगढ़ जन जागृति लोक कलाकार सांस्कृतिक समिति/कलाकार एसोसिएशन संघ के संयुक्त तत्वावधान में राजधानी रायपुर के शांति नगर स्थित विमतारा हॉल में प्रदेश स्तरीय “समाज गौरव सम्मान समारोह 2026” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम सम्मान, संस्कृति और सामाजिक चेतना का अनूठा संगम साबित हुआ, जिसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए समाजसेवी, कलाकार, पत्रकार, शिक्षक, साहित्यकार एवं सांस्कृतिक कर्मियों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं ज्योति कलश पूजन के साथ हुआ। आयोजन समिति के संपादक प्रीतलाल कुर्रे तथा निर्माता-निर्देशक, अभिनेता, लेखक एवं लोकगायक विनोद बर्मन के नेतृत्व में अतिथियों ने ज्ञान, संस्कृति और सामाजिक जागरूकता के दीप प्रज्ज्वलित कर समाजहित में कार्य करने का संकल्प लिया।

समारोह की अध्यक्षता प्रख्यात समाजसेवी एवं शिक्षाविद् डॉ. चंद्रशेखर खरे ने की। विशिष्ट अतिथियों के रूप में डॉ. भूपेंद्र गिलहरे, डॉ. छन्नूलाल बंजारे, आशीष कंठले, भागवत भारती, इंजीनियर सुरेश कुमार बंजारे, डॉ. पुनीत सोनकर, डॉ. टेकराम साहू, महेंद्र कुमार कंठले, डॉ. खम्हन दास भास्कर एवं मोहन दास बंजारे उपस्थित रहे। सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ, श्रीफल एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मान किया गया।

अपने अध्यक्षीय संबोधन में डॉ. चंद्रशेखर खरे ने कहा कि समाजहित में कार्य करने वाली प्रतिभाओं का सम्मान नई पीढ़ी को प्रेरणा देने का माध्यम है। उन्होंने शिक्षा, कला, संस्कृति एवं समाज सेवा के क्षेत्र में कार्यरत व्यक्तियों को समाज की अमूल्य धरोहर बताया।

कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। पंडवानी गायिका कुमारी टिकेश्वरी साहू एवं कुमारी योगेश्वरी सेन की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। लोकगीत, लोकनृत्य एवं पारंपरिक प्रस्तुतियों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति की झलक देखने को मिली।

समारोह के दौरान समाज सेवा, पत्रकारिता, शिक्षा, लोककला, साहित्य, संगीत एवं सांस्कृतिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रदेशभर की सैकड़ों प्रतिभाओं को “समाज गौरव सम्मान 2026”, प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह एवं श्रीफल प्रदान कर सम्मानित किया गया।

आयोजकों ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित कर उनके कार्यों को व्यापक पहचान दिलाना है। उपस्थित प्रतिभागियों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए इसे प्रेरणा और सामाजिक जागरूकता का प्रभावी मंच बताया।

समारोह के समापन अवसर पर आयोजक प्रीतलाल कुर्रे एवं विनोद बर्मन ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों, कलाकारों, पत्रकारों, समाजसेवियों एवं सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने भविष्य में भी समाज, संस्कृति, शिक्षा एवं कला के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित करने के लिए ऐसे आयोजनों को निरंतर जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।

सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक गौरव और प्रतिभा सम्मान की भावना से ओतप्रोत यह आयोजन प्रदेश की प्रतिभाओं के लिए एक प्रेरणादायी एवं अविस्मरणीय अवसर साबित हुआ।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment