डीजे बजाने के विवाद पर जानलेवा हमला: एक नाबालिग सहित 2 आरोपी गिरफ्तार
गिरौदपुरी (ग्राम मटिया):
ग्राम मटिया में शादी के कार्यक्रम के दौरान डीजे बजाने की बात को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर चाकू और बेल्ट से जानलेवा हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गिरौदपुरी चौकी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मामले में संलिप्त एक नाबालिग (विधि से संघर्षरत बालक) सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 3 जून 2026 को प्रार्थी बृजेश बंजारे (निवासी ग्राम मटिया) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 2 जून को गांव में एक शादी के ‘चुलमाटी’ कार्यक्रम का आयोजन था। कार्यक्रम में डीजे गाड़ी चलाने के दौरान आरोपियों ने “डीजे बहुत तेज चला रहे हो” कहकर विवाद शुरू कर दिया।
इसके बाद, उसी रात करीब 10:30 बजे मुख्य आरोपी ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर प्रार्थी को उसके दोस्त के घर के बाहर घेरा। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए प्रार्थी पर बेल्ट, हाथ और मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने हत्या करने की नीयत से प्रार्थी पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रार्थी की शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 115/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 109(1), और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक श्री ओ.पी. शर्मा के कुशल निर्देशन में गिरौदपुरी चौकी पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास मौजूद ग्रामीणों और चश्मदीदों से पूछताछ की और संदेहियों को हिरासत में लिया।
कड़ी पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि डीजे गाड़ी तेज चलाने के विवाद के बाद वे आवेश में आ गए थे और उन्होंने हत्या की नीयत से चाकू व बेल्ट से हमला किया था। पुलिस ने आज दिनांक 4 जून 2026 को दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया पूरी कर ली है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम:
- दीपांशु टण्डन (उम्र 21 वर्ष), निवासी- ग्राम मटिया, चौकी गिरौदपुरी।
- विधि से संघर्षरत एक बालक (नाबालिग होने के कारण नाम उजागर नहीं किया गया है)।