सीखना सिखाना केन्द्र ग्रीष्मकालीन रचनात्मक शिविर का शुभारंभ

SARJU PRASAD SAHU

April 27, 2026

कसडोल। 23 अप्रैल 2026  कसडोल विकास खण्ड के शासकीय प्राथमिक शाला घिरघोल संकुल पुटपुरा में पंद्रह दिवसीय बाल रचनात्मक ग्रीष्मकालीन शिविर ‘सीखना सिखाना केन्द्र’ के रूप में समर कैम्प 2026 का आयोजन किया गया है। यह शिविर गाँव के मध्य सामुदायिक भवन में 23 अप्रैल से 9 मई तक चलेगा।

शिविर का आयोजन शासकीय प्राथमिक शाला घिरघोल, शाला प्रबंधन समिति एवं ग्राम पंचायत के तत्वावधान में अजीम प्रेमजी फाउंडेशन कसडोल के सहयोग से किया जा रहा है। समर कैम्प में 10 से 12 युवक-युवती पूर्णकालिक मेंटर के रूप में सीखने-सिखाने की प्रक्रिया में जुटे हैं। प्राथमिक एवं माध्यमिक स्तर के 50 बच्चे इस शिविर में भाग ले रहे हैं।शिविर संचालक प्राथमिक शाला घिरघोल के प्रधानपाठक एवं एफएलएन बीआरजी ईश्वरी प्रसाद चौहान तथा अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के रिसोर्स पर्सन नरेन्द्र कुमार प्रतिदिन की गतिविधि योजना के अनुसार रुचिकर कार्यक्रम करवा रहे हैं।

गतिविधियों की विविधता

सर्कल टाइम में बाल गीत, कविता, कहानी सुनाना शामिल है। भाषा की दुनिया में कहानी पर रोल प्ले, अभिनय, कुंजी शब्दों के चित्रण एवं वाक्य प्रयोग तथा उन शब्दों से कहानी लेखन कराया जा रहा है। गणित के खेल में ‘पास द बॉल’ गतिविधि से संख्या की समझ, स्थानीय मान, जोड़-घटाना आदि सिखाया जा रहा है। रचनात्मक गतिविधि के तहत खुला चित्र, बंद चित्र, रंग भरना, प्रतिदिन डायरी लेखन एवं सजावट, थम्ब चित्र, थ्रेड चित्र, पत्तियों से चित्रकारी तथा हस्तपुस्तिका निर्माण पर कार्य हो रहा है।

सामुदायिक सहभागिता अनुकरणीय

ग्रामीणों, पालकों एवं पंचायत प्रतिनिधियों द्वारा बच्चों के लिए नाश्ते की व्यवस्था की जा रही है – बिस्कुट, मिक्सचर, केला, बालूसाई, पेड़ा, खीर आदि। प्रधानपाठक श्री चौहान ने पूरे 15 दिनों के लिए अलग-अलग सदस्यों एवं पालकों को स्वेच्छा से सहयोग हेतु प्रेरित किया है। प्रातः 7 से 10 बजे तक गतिविधियों के पश्चात सभी को न्यौता भोजन की तरह अपने हाथों से भोजन प्रदान किया जा रहा है। दरी, पंखा, भवन की रंगाई-पोताई भी आपसी सहयोग से की गई।

समापन एवं प्रेरणा

9 मई को सायंकाल ग्रामीणों की उपस्थिति में भव्य समापन समारोह होगा, जिसमें बच्चे समूह में सीखी गई कलाओं का प्रदर्शन करेंगे। ग्रामीणों द्वारा माइक, लाइट, टेंट व भोजन की व्यवस्था की जाएगी। सभी प्रतिभागी छात्रों एवं युवाओं को मंच पर सहभागिता प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे।

गाँव में मुनादी करके एवं प्रतिदिन शाम को बच्चों द्वारा रैली निकालकर समर कैम्प में आने हेतु प्रेरित किया जा रहा है।

प्रधानपाठक ईश्वरी प्रसाद चौहान ने कहा, “मैंने बचपन में पढ़ाई के अभाव में काफी कष्ट झेले हैं। अब मेरे स्कूल के बच्चे शहरों की तरह रचनात्मकता के विभिन्न आयाम गाँव में ही निःशुल्क सीख रहे हैं। अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के सक्रिय शैक्षिक सहयोग से यह आयोजन संभव हुआ। इससे बच्चों में सीखने की रुचि, जिज्ञासा एवं कला कौशल का विकास होगा।”

शुभारंभ समारोह

शिविर का शुभारंभ भूतपूर्व बीडीसी श्री कृष्ण कुमार मरकाम, ग्राम पंचायत के उपसरपंच श्री चरण दास मानिकपुरी, पंचायत सचिव श्री जितेन्द्र यादव, वार्ड पंच श्रीमती रामकली, टेकराम ध्रुव, मदन ध्रुव, शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष श्री सम्मेलाल ध्रुव, वन समिति अध्यक्ष श्री तीरिथ राम निषाद, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती सुनीता चौहान, गणमान्य नागरिक श्री जयसिंह चौहान, श्री विष्णु प्रसाद ध्रुव, श्री पीलाराम निषाद, पालकगण श्री कन्हैया चौहान, श्री महासिंग चौहान, श्री महादेव ध्रुव, श्री सुखराम ध्रुव, श्रीमती दुर्गेश्वरी निषाद एवं समस्त ग्रामवासियों की उपस्थिति में संपन्न हुआ।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment