महामाया मंदिर चोरी का त्वरित पर्दाफाश: 24 घंटे के भीतर सोने के आभूषणों के साथ आरोपी गिरफ्तार

BIRENDRA KUMAR SEN

July 28, 2026

महामाया मंदिर चोरी का त्वरित पर्दाफाश: 24 घंटे के भीतर सोने के आभूषणों के साथ आरोपी गिरफ्तार

बलौदाबाजार: प्रसिद्ध महामाया मंदिर में देवी प्रतिमा से सोने के आभूषण चोरी करने के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटना के महज 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए सभी 6 सोने के लॉकेट/पत्ती और वारदात के समय इस्तेमाल किया गया एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया है।

मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि प्रार्थी रोहित कुमार साहू ने 26 जुलाई 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार, 25 जुलाई की सुबह 9:30 से 10:30 बजे के बीच किसी अज्ञात चोर ने महामाया मंदिर स्थित मूर्ति से 5 पत्ती वाला मंगलसूत्र और 1 पत्ती वाला सोने का लॉकेट पार कर दिया था। शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 626/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(3) एवं 305 के अंतर्गत मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक गौरव राय (IPS) के निर्देशन में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने मंदिर परिसर और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया। फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान अमन कुमार यादव (उम्र 22 वर्ष), निवासी ग्राम सिंधोरा (थाना पलारी) के रूप में हुई।

जब पुलिस टीम आरोपी के गृह ग्राम सिंधोरा पहुंची, तब पता चला कि वह गिरफ्तारी के डर से ग्राम गबौद में अपनी रिश्तेदारी में छिपा हुआ है। पुलिस ने तत्काल गबौद में घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने मंदिर में चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी गए 6 सोने के लॉकेट/पत्ती और प्रयुक्त मोबाइल जब्त कर लिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।

जिला रिपोर्टर बलौदा बजार

Share this content:

Leave a Comment