जीवन दीप समिति की बैठक के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण, मरीजों को फल वितरण
बिलाईगढ़। नगर बिलाईगढ़ स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आयोजित जीवन दीप समिति की महत्वपूर्ण बैठक में बिलाईगढ़ विधायक श्रीमती कविता प्राण लहरे शामिल हुईं। बैठक में अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं, दवाइयों की उपलब्धता, डॉक्टरों की उपस्थिति, मरीजों को प्रदान की जा रही सुविधाओं एवं उपलब्ध संसाधनों की गुणवत्ता को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक के दौरान विधायक श्रीमती कविता प्राण लहरे ने आमजन से जुड़े स्वास्थ्य संबंधी मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार एवं स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव समिति के समक्ष रखे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
बैठक उपरांत विधायक श्रीमती कविता प्राण लहरे ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, साफ-सफाई व्यवस्था, दवाइयों की उपलब्धता तथा मरीजों को दी जा रही सेवाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल प्रबंधन एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर विधायक श्रीमती लहरे ने अस्पताल में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना तथा उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए फल वितरण किया। मरीजों एवं उनके परिजनों से चर्चा कर स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित समस्याओं, आवश्यकताओं एवं सुझावों की जानकारी भी प्राप्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मरीजों को बेहतर उपचार एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
विधायक श्रीमती कविता प्राण लहरे ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाएं आम जनता का मूल अधिकार हैं और प्रत्येक नागरिक को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना शासन एवं जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने आश्वस्त किया कि क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण तथा आमजन को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जाते रहेंगे।
इस अवसर पर बिलाईगढ़ ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष लाकेश्वर देवांगन, सरसीवा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष भीषम साहू, विधायक प्रतिनिधि रामनारायण भट्ट, शेखर भट्ट, पार्षद सुनील यादव, दीपक टंडन, भूपेन्द्र यादव, धनसाय साहू, अरविंद मनहर, मिथलेश लहरे, मनोज देवांगन, नीलू लहरे, बिलाईगढ़ बीएमओ डॉ. शशि कुमार जायसवाल, कार्यक्रम प्रबंधक लाकेश्वर सिंह बघेल सहित डॉक्टर, कर्मचारी एवं जीवन दीप समिति के सदस्य उपस्थित रहे।