कबीरधाम दामाखेड़ा में भव्य संत समागम, मुख्यमंत्री ने आयोजन राशि 75 लाख की की घोषणा

SARJU PRASAD SAHU

February 2, 2026

बलौदाबाजार। 1 फरवरी 2026 मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रविवार को कबीर धर्मनगर दामाखेड़ा में माघ पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित सद्गुरु कबीर संत समागम समारोह में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने इस समारोह के लिए आवंटित राशि 50 लाख रुपये से बढ़ाकर 75 लाख रुपये करने की घोषणा की।

आध्यात्मिक आशीर्वाद और विकास का संकल्प

मुख्यमंत्री ने समारोह में पंथश्री उदित मुनि नाम साहेब एवं पंथश्री प्रकाश मुनि नाम साहब को चादर व श्रीफल भेंटकर आशीर्वाद लिया। उन्होंने प्रदेश की खुशहाली की कामना करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ विकसित प्रदेश बनने की ओर तेजी से अग्रसर है।

विष्णु देव साय ने कहा, कबीरधाम दामाखेड़ा का संत समागम समारोह हर साल और भव्य होता जा रहा है, जो लोगों में बढ़ती आस्था का प्रतीक है। कबीरपंथ का छत्तीसगढ़ के जनजीवन पर व्यापक प्रभाव है, इसीलिए यहाँ के लोग शांतिप्रिय हैं।

नक्सलवाद के उन्मूलन और विकास की राह

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के विकास में बाधक नक्सलवाद जल्द ही जड़ से समाप्त होने वाला है। उन्होंने दावा किया कि 31 मार्च 2026 तक प्रदेश से नक्सलवाद समूल नष्ट हो जाएगा।

हमने जनता से किया वादा तेजी से पूरा किया है। डबल इंजन की सरकार का फायदा लोगों को मिल रहा है। हमें छत्तीसगढ़ को विकसित प्रदेश के रूप में खड़ा करना है, उन्होंने कहा।

दामाखेड़ा के नामकरण की प्रक्रिया जारी

मुख्यमंत्री ने बताया कि दामाखेड़ा का नाम कबीर धर्मनगर करने संबंधी प्रस्ताव पर अंतिम प्रक्रिया जारी है और जल्द ही इसे राजपत्र में प्रकाशित किया जाएगा।

उन्होंने अपने व्यक्तिगत संबंधों का जिक्र करते हुए कहा, मैं बचपन से ही कबीरपंथ से परिचित हूं। मेरे गांव बगिया में भी 8-10 कबीरपंथी परिवार हैं।

नए वंशाचार्य का स्वागत

पंथश्री प्रकाश मुनि नाम साहब ने मुख्यमंत्री का कबीरपंथी समाज की ओर से आत्मीय स्वागत किया। उन्होंने बताया कि इस वर्ष बसंत पंचमी के अवसर पर कबीरपंथ के 16वें वंशाचार्य पंथश्री उदित मुनि नाम साहेब का चादर तिलक संपन्न हुआ।

इस वर्ष देश के विभिन्न प्रांतों के साथ-साथ विदेशों से भी बड़ी संख्या में कबीरपंथी संत इस समागम में शामिल हुए हैं।

गणमान्य उपस्थिति

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल, विधायक इंद्र साव, भावना बोहरा, ईश्वर साहु, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा, कलेक्टर दीपक सोनी, एसपी भावना गुप्ता सहित सद्गुरु कबीर धर्मदास साहेब वंशावली प्रतिनिधि सभा के प्रतिनिधिगण, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में कबीरपंथी उपस्थित थे।

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि पंथश्री उदित मुनि नाम साहब वृक्षारोपण, समाज सेवा, नशामुक्ति एवं युवा उत्थान के क्षेत्र में कार्य कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री कबीर आश्रम के विभिन्न विकास कार्यों को लेकर हमेशा चिंतित रहते हैं और उन्हें शीघ्र पूरा करने के निर्देश देते हैं।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment