ग्राम पंचायत पिसीद में श्रद्धा और भक्ति के साथ श्रीमद्भागवत कथा का भव्य आयोजन

TEJASWI NATH SONI

December 28, 2025

कसडोल (बलौदाबाजार), कसडोल विकासखंड के समीपस्थ ग्राम पंचायत पिसीद में इन दिनों भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक वातावरण से ओतप्रोत श्रीमद्भागवत कथा का भव्य आयोजन किया जा रहा है। ग्राम के स्कूल चौक में आयोजित इस धार्मिक आयोजन में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुजन पहुंचकर कथा का रसपान कर रहे हैं।

इस श्रीमद्भागवत कथा के आयोजक श्री बद्रीप्रसाद पटेल हैं, जबकि कथा वाचन का दायित्व परम पूज्य पंडित श्री दिनेश कुमार दुबे (ग्राम पुरगांव निवासी) द्वारा निभाया जा रहा है। पंडित श्री दुबे अपनी सुमधुर वाणी और सरल व्याख्या के माध्यम से श्रीमद्भागवत महापुराण की कथाओं का भावपूर्ण वर्णन कर श्रद्धालुओं को भक्ति भाव से सराबोर कर रहे हैं।

कथा के दौरान आज भगवान श्रीकृष्ण एवं माता रुक्मिणी विवाह प्रसंग का अत्यंत रोचक और भावनात्मक वर्णन किया गया। कथावाचक ने बताया कि किस प्रकार भगवान श्रीकृष्ण रुक्मिणी का हरण कर उनसे विवाह करते हैं। इस प्रसंग को भव्य झांकी के माध्यम से प्रस्तुत किया गया, जिसने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया।

इस अवसर पर छप्पन भोग प्रसाद का वितरण भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। आयोजन समिति द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।

कथा का समय

प्रातः: 9:00 बजे से 1:00 बजे तक

सायं: 3:00 बजे से 7:00 बजे तक

दोनों सत्रों में विशाल भंडारे का आयोजन किया जा रहा है, जहां श्रद्धालु कथा श्रवण के साथ-साथ प्रसाद ग्रहण कर रहे हैं।

आयोजन समिति एवं पटेल परिवार द्वारा क्षेत्र के समस्त सामाजिक बंधुओं एवं श्रद्धालुओं से इस पावन आयोजन में सहभागी बनकर धर्मलाभ लेने की अपील की गई है। श्रीमद्भागवत कथा से ग्राम पंचायत पिसीद सहित पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक ऊर्जा और सामाजिक समरसता का वातावरण निर्मित हो रहा है।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment