
रायपुर। 21 जुलाई 2026 छत्तीसगढ़ झेरिया यादव समाज के तत्वावधान में ग्राम बरौदा (रायपुर) में आयोजित प्रदेश स्तरीय आमसभा, यादव महासम्मेलन एवं नवनिर्मित सामाजिक भवन के लोकार्पण समारोह का भव्य आयोजन हुआ। कार्यक्रम में प्रदेशभर से हजारों की संख्या में समाज के पदाधिकारी, मातृशक्ति, युवा, वरिष्ठजन एवं समाजबंधु शामिल हुए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नवनिर्मित सामाजिक भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा, विधायक अनुज शर्मा, विधायक रामकुमार यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमा पर माल्यार्पण, पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। अतिथियों का यादव समाज की पारंपरिक रीति से स्वागत किया गया तथा शॉल, स्मृति-चिह्न और पारंपरिक प्रतीक भेंट किए गए।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने संबोधन में कहा कि यादव समाज ने छत्तीसगढ़ की लोककला, संस्कृति और परंपराओं को जीवंत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि राउत नाचा और अन्य लोक परंपराएं प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान हैं। उन्होंने युवाओं से शिक्षा को प्राथमिकता देने और समाज व प्रदेश के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा ने सामाजिक आयोजनों को नशामुक्त बनाने की अपील करते हुए कहा कि समाज की वास्तविक उन्नति संस्कार और सामाजिक सौहार्द से ही संभव है। विधायक अनुज शर्मा ने युवाओं से शिक्षा, प्रशासन, राजनीति, व्यवसाय और खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़कर समाज का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
विधायक रामकुमार यादव ने कहा कि लोकतंत्र में सभी समाजों को उनकी जनसंख्या के अनुरूप सम्मान और प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए। उन्होंने शासन-प्रशासन, निगम-मंडलों और आयोगों में समाज की भागीदारी बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया।
इस अवसर पर मेधावी छात्र-छात्राओं, समाजसेवियों, विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले युवाओं तथा जिला अध्यक्षों और पदाधिकारियों को सम्मानित किया गया।
प्रदेश अध्यक्ष जगनिक यादव ने रावत जाति को केंद्रीय अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) सूची में शामिल करने की मांग दोहराते हुए मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि इससे समाज के विद्यार्थियों और युवाओं को शिक्षा, रोजगार तथा केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ मिलेगा। उन्होंने समाज की जनसंख्या के अनुरूप शासन-प्रशासन और विभिन्न संस्थाओं में प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने की भी मांग की।
कार्यक्रम के दौरान संगठन विस्तार के तहत नई नियुक्तियों की घोषणा की गई। चन्दराम यादव को युवा प्रकोष्ठ, तीरथ यादव को राजनीति प्रकोष्ठ, राजू यादव को न्याय प्रकोष्ठ, श्रीमती सैलाना बी.एल. यादव को महिला प्रकोष्ठ, मानसाय यादव को कर्मचारी प्रकोष्ठ का प्रदेश अध्यक्ष तथा हेमलाल यादव को कर्मचारी प्रकोष्ठ का प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया। बंशीलाल यादव को पदेन प्रबंधकारिणी सदस्य बनाया गया।
कार्यक्रम के अंत में रायपुर जिला अध्यक्ष रामलाल यादव ने मुख्यमंत्री, सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, समाज के पदाधिकारियों, मीडिया प्रतिनिधियों और प्रदेशभर से आए समाजबंधुओं का सफल आयोजन में सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।