
ग्रामीणों ने खुद बनाई तालाब की पचरी
भगतदेवरी। ग्राम भगतदेवरी में तालाब की जर्जर पचरी का निर्माण नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने आखिरकार स्वयं ही श्रमदान और आपसी सहयोग से पचरी का निर्माण कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार सरपंच और उपसरपंच को इस संबंध में जानकारी देने के बावजूद कोई पहल नहीं की गई, जिससे मजबूर होकर उन्हें खुद आगे आना पड़ा।
ग्रामीणों के सहयोग से शुरू किए गए इस कार्य में विष्णु महापात्र ने सीमेंट, नरेश निषाद ने ईंट तथा अजय साहू ने रेत उपलब्ध कराई। वहीं केशव पटेल, साहराम यादव, सोहन लाला, भानु यादव, योगरामलाल (बंनदुर्गा मंदिर भगत देवरी के पुजारी), दिलेश पटेल, ललित सिदार सहित अन्य ग्रामीणों ने श्रमदान कर निर्माण कार्य को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव के छोटे-छोटे विकास कार्य भी लंबे समय से लंबित पड़े हैं। उनका आरोप है कि ग्राम पंचायत की सरपंच पिछले करीब आठ महीने से पंचायत में नियमित रूप से उपस्थित नहीं हो रही हैं और पंचायत का अधिकांश कामकाज उनके पति द्वारा संचालित किया जा रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में उन्होंने पहले ही एसडीएम को लिखित शिकायत सौंपकर कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन आवेदन के बाद भी अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे ग्रामीणों में प्रशासन और पंचायत व्यवस्था के प्रति नाराजगी बढ़ रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि जब तालाब की पचरी जैसे आवश्यक कार्य के लिए भी बार-बार मांग के बावजूद समाधान नहीं मिला, तो उन्होंने स्वयं संसाधन जुटाकर निर्माण कार्य पूरा करने का फैसला किया। ग्रामीणों ने प्रशासन से पंचायत संचालन और सरपंच की लगातार अनुपस्थिति की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।