सुशासन तिहार में अधिक से अधिक आवेदन देने की अपील, क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान का मिलेगा अवसर-युधिष्ठिर नायक

SARJU PRASAD SAHU

June 6, 2026

सोनाखान। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सोनाखान के अध्यक्ष युधिष्ठिर नायक ने वनांचल क्षेत्र के आम नागरिकों एवं कार्यकर्ताओं से सुशासन तिहार के अंतिम चरण में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर अपनी समस्याओं के समाधान हेतु आवेदन देने की अपील की है।

उन्होंने बताया कि आगामी 10 जून 2026 को ग्राम पंचायत राजादेवरी में सुशासन तिहार का आयोजन सुनिश्चित किया गया है। इस दौरान शासन के सभी विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहेंगे, जिससे आम जनता अपनी व्यक्तिगत, सार्वजनिक एवं जनहित से जुड़ी समस्याओं के निराकरण के लिए सीधे आवेदन प्रस्तुत कर सकेगी।

युधिष्ठिर नायक ने कहा कि क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं में बया-राजादेवरी-सोनाखान मार्ग, सालिहा-बिलारी-बानीखार मार्ग तथा निठौरा-कुसगढ़-भानपुर-विजयमॉल मार्ग के निर्माण एवं मरम्मत की मांग लंबे समय से की जा रही है। इसके अलावा वनांचल क्षेत्र के अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी, चिकित्सकों की अनियमित उपस्थिति, प्रधानमंत्री आवास निर्माण के लिए रेत परिवहन में ग्रामीणों को होने वाली परेशानियां, अवैध शराब बिक्री, खाद-बीज की उपलब्धता और पेट्रोल-डीजल की समस्या भी गंभीर मुद्दे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री खुलेआम हो रही है, जिससे आए दिन विवाद की स्थिति बनती है और महिलाओं को विशेष रूप से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं किसानों और मजदूरों को पर्याप्त मात्रा में खाद-बीज उपलब्ध नहीं हो पा रहा है।

नायक ने बताया कि सुशासन तिहार के दौरान छात्र-छात्राओं के जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, किसानों के बी-1, खसरा, नकल, पटवारी प्रतिवेदन सहित विभिन्न राजस्व एवं प्रशासनिक कार्यों से संबंधित आवेदनों का भी निराकरण किया जाएगा।

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सोनाखान के अध्यक्ष युधिष्ठिर नायक ने क्षेत्र के समस्त ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि वे अपनी व्यक्तिगत समस्याओं, जनहित कार्यों तथा सार्वजनिक मुद्दों से संबंधित आवेदन लेकर शिविर में पहुंचें और शासन की इस पहल का लाभ उठाएं।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment