हाथी के हमले में बुजुर्ग महिला की मौत

SARJU PRASAD SAHU

May 7, 2026

कोरिया। जिले के देवगढ़ वन परिक्षेत्र अंतर्गत शेराडाँड़ के जंगल में मंगलवार देर रात एक दंतैल हाथी के हमले में बुजुर्ग महिला की दर्दनाक मौत हो गई। मृतका की पहचान सन बसिया के रूप में हुई है, जो जंगल में झोपड़ी बनाकर अकेले रह रही थी।

जानकारी के अनुसार, सन बसिया अपने पति के साथ जंगल में रहकर गाय पालन और खेती कर जीवनयापन करती थी। करीब तीन माह पूर्व पति की मृत्यु हो जाने के बाद भी वह उसी झोपड़ी में अकेले रह रही थी। मंगलवार देर रात जंगल में विचरण कर रहे हाथी ने अचानक उस पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। मौके पर हाथी के पैरों के निशान मिले हैं, जिससे पुष्टि हुई कि हमला हाथी द्वारा ही किया गया। प्रारंभिक अनुमान लगाया जा रहा है कि हाथी गुरुघासीदास तमोर पिंगला टाइगर रिजर्व क्षेत्र की ओर से भटककर यहाँ पहुँचा होगा।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुँची। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सोनहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

वन विभाग ने मृतका के परिजनों को तत्काल सहायता के रूप में 25 हजार रुपये प्रदान किए हैं। वहीं वन विभाग द्वारा क्षेत्र में हाथी की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है तथा ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment